फिल्म अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरी के हाथों मिला सम्मान, जनहित और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में योगदान को मिली राष्ट्रीय पहचान
अंबिकापुर। सामाजिक कार्यकर्ता, अधिवक्ता एवं आरटीआई एक्टिविस्ट डॉ. डी.के. सोनी को जनहित, सामाजिक न्याय, पारदर्शिता एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए ‘प्राइड ऑफ भारत अवार्ड 2026’ से सम्मानित किया गया। मुंबई स्थित होटल हॉलिडे इन में 8 अगस्त 2026 को आयोजित भव्य समारोह में प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरी के करकमलों से डॉ. सोनी को सम्मान पत्र एवं अवार्ड प्रदान किया गया।
इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए डॉ. सोनी के आरटीआई, जनहित याचिकाओं, सुशासन, नागरिक अधिकारों और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में किए गए कार्यों को आधार बनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन मनीष बंसल, फाउंडर इनसाइटसक्सेस एंड ट्रेड मीडिया द्वारा किया गया था। समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से आए डॉक्टरों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों सहित विभिन्न क्षेत्रों की कई विशिष्ट हस्तियां मौजूद रहीं।
आरटीआई और जनहित याचिकाओं के जरिए उठाई आवाज
डॉ. डी.के. सोनी लंबे समय से सामाजिक न्याय, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के खिलाफ सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। अपनी संस्था ‘सरगुजा सोसाइटी फॉर फास्ट जस्टिस’ के माध्यम से वे आम नागरिकों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए प्रयासरत हैं। आरटीआई और जनहित याचिकाओं के माध्यम से उन्होंने कई महत्वपूर्ण मामलों को न्यायालय तक पहुंचाया और विभिन्न मामलों में कानूनी लड़ाई लड़ी है।
सरकारी विभागों में कथित भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं से जुड़े मामलों को दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर सामने लाने में भी उनकी भूमिका रही है। उनके द्वारा उठाए गए मामलों में जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए संबंधित विभागों एवं न्यायालयों का भी रुख किया गया।

सरगुजा के लिए गौरव का विषय
डॉ. सोनी को मिले राष्ट्रीय स्तर के इस सम्मान से अंबिकापुर सहित पूरे सरगुजा क्षेत्र में उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने इसे सरगुजा के लिए गौरव का विषय बताया।
52वां सम्मान मिलने पर बोले डॉ. सोनी
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. डी.के. सोनी ने कहा कि यह पुरस्कार उन्हें जनहित, सामाजिक न्याय और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए और अधिक समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों के अधिकारों के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
डॉ. सोनी के अनुसार, ‘प्राइड ऑफ भारत अवार्ड 2026’ उनके सामाजिक एवं जनहित के कार्यों के लिए मिला 52वां सम्मान है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय जनहित के मुद्दों पर उनके साथ खड़े रहने वाले सहयोगियों एवं शुभचिंतकों को दिया।

