अम्बिकापुर/लखनपुर, 21 अगस्त 2026। आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में आपदा के दौरान बचाव और राहत कार्यों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। जनपद पंचायत सभाकक्ष में हुए कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से निपटने के व्यावहारिक तरीके बताए गए।

फेमेक्स कार्यक्रम 2026-27 के तहत आयोजित कार्यशाला की थीम “आपदा से तैयारी-है समझदारी” और “सजग नागरिक-सुरक्षित समाज” रखी गई। कलेक्टर अजीत वसंत के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण में एनडीआरएफ की टीम ने प्रतिभागियों को आपात स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी दी।

बाढ़ से लेकर भूकंप तक बचाव के तरीके

प्रशिक्षण के दौरान बाढ़, आगजनी, भूकंप और आकाशीय बिजली जैसी आपदाओं से बचाव के उपायों पर जानकारी दी गई। इसके अलावा करंट लगने पर प्राथमिक सहायता, सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को सुरक्षित तरीके से मदद पहुंचाने तथा सीपीआर देने की प्रक्रिया का भी प्रशिक्षण दिया गया।

एनडीआरएफ के विशेषज्ञों ने डूबने की स्थिति में व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने और इसके बाद प्राथमिक उपचार देने के तरीकों को भी समझाया। प्रशिक्षण में केवल सैद्धांतिक जानकारी तक सीमित न रहते हुए आपात परिस्थितियों में व्यवहारिक तौर पर अपनाई जाने वाली सावधानियों पर जोर दिया गया।

सर्पदंश और बिजली गिरने पर क्या करें, समझाया

कार्यशाला के दौरान सरपंचों और सचिवों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सामने आने वाली आपदा संबंधी समस्याओं को एनडीआरएफ टीम के सामने रखा। खास तौर पर सर्पदंश और आकाशीय बिजली से जुड़ी घटनाओं के दौरान बचाव के तरीकों को लेकर सवाल किए गए। विशेषज्ञों ने ऐसी परिस्थितियों में घबराने के बजाय तत्काल और सुरक्षित कदम उठाने की जानकारी दी।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष शशिकला सिंह और उपाध्यक्ष कामेश्वर राजवाड़े सहित जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधि, सरपंच, सचिव तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यशाला के माध्यम से प्रतिभागियों को बताया गया कि आपदा के समय सही जानकारी, सतर्कता और समय पर की गई कार्रवाई से जान-माल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित जनप्रतिनिधि और कर्मचारी आपात स्थिति में प्रारंभिक बचाव एवं राहत कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *