जशपुर। अधूरी छोड़ी गई आरसीसी सड़क का निर्माण अब लोगों के लिए परेशानी के साथ गंभीर खतरे का कारण बनता नजर आ रहा है। चौराहे के बीच निर्माण के दौरान छोड़ी गई लोहे की सरिया करीब 2 से 3 फीट तक बाहर निकली हुई बताई जा रही है। सड़क से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों के लिए यह स्थिति किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

बारिश के मौसम में सड़क पर पानी और कीचड़ जमा होने से खतरा और बढ़ गया है। चौराहे से लगातार पैदल लोगों के साथ दोपहिया और अन्य वाहनों की आवाजाही होती है। ऐसे में सरिया दिखाई नहीं देने पर वाहन चालक या राहगीर इसकी चपेट में आ सकते हैं।

निर्माण अधूरा, सुरक्षा के इंतजाम नदारद

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण का काम अधूरा छोड़ दिया गया है और निर्माण स्थल को सुरक्षित बनाने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। लोगों के मुताबिक यदि सरिया इतनी ऊंचाई तक खुली हुई है तो यह निर्माण एजेंसी की गंभीर लापरवाही का मामला है।

बारिश और रात के समय यह खतरा और बढ़ जाता है। लोगों को आशंका है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।

हादसे से पहले कार्रवाई की मांग

स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी से मौके का तत्काल निरीक्षण कराने की मांग की है। साथ ही चौराहे पर निकली सरिया को सुरक्षित तरीके से हटाने और अधूरे आरसीसी सड़क निर्माण को जल्द पूरा कराने की मांग की गई है।

अब सवाल यह है कि जिम्मेदार अधिकारी किसी दुर्घटना का इंतजार कर रहे हैं या हादसे से पहले ही इस जानलेवा खतरे को दूर करने के लिए कार्रवाई करेंगे?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *