चांदनी चौक क्षेत्र में कार्रवाई का दावा, बजरंग दल ने पुलिस को दी सूचना; मामले की जांच जारी

अंबिकापुर। शहर के चांदनी चौक इलाके में कथित तौर पर गोमांस रखे जाने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 4 किलो मांस बरामद किया है। मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बजरंग दल के जिला संयोजक अंकित दास ने बताया कि संगठन को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बाहर से मांस खरीदकर अपने घर में लाया है।

अंकित दास के अनुसार, सूचना मिलने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता कोतवाली थाने पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस अधिकारी के साथ टीम मौके पर पहुंची, जहां कथित तौर पर करीब 3 से 4 किलो मांस बरामद किया गया। पुलिस ने एक व्यक्ति को भी पकड़कर थाने लाया है।

बजरंग दल संयोजक ने बताया कि आरोपी चांदनी चौक क्षेत्र का रहने वाला है और उससे यह पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है कि मांस कहां से लाया गया था और इसका कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह से संबंध है या नहीं। उन्होंने आशंका जताई कि बरामद मात्रा से अधिक मांस पहले ही बांटा या उपयोग किया जा चुका हो सकता है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

उन्होंने कहा कि किसी एक व्यक्ति के कृत्य के लिए पूरे समुदाय को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए। उनका कहना है कि कार्रवाई व्यक्ति के अपराध के आधार पर होनी चाहिए।

मामले को लेकर बजरंग दल ने शहर में गोवंश की सुरक्षा और कथित तस्करी पर भी चिंता जताई। संगठन ने नगर निगम से गोवंश के लिए पूर्व में संचालित व्यवस्थाओं को पुनः सक्रिय करने तथा सड़कों पर घूमने वाले बेसहारा मवेशियों को सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने की मांग की।

अंकित दास ने कथित गोहत्या और गोमांस की बिक्री पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि शहर में इस तरह की गतिविधियां हो रही हैं तो पुलिस को पूरे नेटवर्क की जांच करनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी सरकारी भूमि पर चर्च और कथित धर्मांतरण से जुड़ी जानकारी मिलने पर संगठन अपने स्तर पर तथ्य जुटाकर प्रशासन के समक्ष मामला रखेगा।

फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि बरामद मांस वास्तव में गोमांस है या नहीं, इसे कहां से लाया गया था और मामले में कितने लोग शामिल हैं। पुलिस की जांच और जब्त सामग्री की आधिकारिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *