मरीजों की सुविधाओं का लिया जायजा, नेत्र प्रत्यारोपण की तैयारी शुरू करने कहा; पावर ऑडिट के लिए PWD और CSPDCL को बजट उपलब्ध कराने के निर्देश

अम्बिकापुर, 25 अगस्त 2026। राजमाता श्रीमती देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय में मंगलवार को कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने अचानक पहुंचकर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव के साथ किए गए निरीक्षण में उन्होंने निर्माण कार्यों, विद्युत व्यवस्था, स्वच्छता, सीपेज की समस्या और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की।

कलेक्टर ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्था में बुनियादी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखना प्राथमिकता होनी चाहिए।

अधूरे निर्माण कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सीजीएमएससी द्वारा बनाए जा रहे बायोमेडिकल वेस्ट स्टोरेज एरिया के अधूरे निर्माण को देखा। उन्होंने शेष राशि आरईएस को हस्तांतरित कर कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा निर्माणाधीन स्टोर रूम, गार्ड रूम और शौचालय समेत अन्य कार्यों को भी शीघ्र पूर्ण करने कहा।

पोषण पुनर्वास केंद्र में सीपेज प्रबंधन और उन्नयन से जुड़े कार्यों को आरईएस के माध्यम से तत्काल पूरा कराने के निर्देश दिए गए।

बिजली व्यवस्था की होगी समीक्षा

अस्पताल की विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पावर ऑडिट के अनुरूप तैयार प्राक्कलन का अस्पताल स्तर पर दोबारा मूल्यांकन कर आगे की कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने पावर ऑडिट के कार्य के लिए पीडब्ल्यूडी और सीएसपीडीसीएल को आवश्यक बजट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

साथ ही अस्पताल में 150 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए प्राक्कलन प्राप्त करने को भी कहा गया।

सीपेज की समस्या पर निगम को तत्काल कार्रवाई

एमसीएच भवन में ड्रेनेज रिपेयर और मरम्मत के स्वीकृत कार्य को तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए गए। वहीं लेबर वार्ड और पीएनसी वार्ड के बीच कनेक्टिंग पैसेज में हो रहे सीपेज का भी कलेक्टर ने निरीक्षण किया।

उन्होंने नगर निगम को सीपेज रोकने के लिए जल्द कार्य शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों और अस्पताल के कर्मचारियों को परेशानी न हो।

नेत्र प्रत्यारोपण की तैयारी शुरू करने कहा

मरीजों को बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कलेक्टर ने मेडिकल कॉलेज में नेत्र प्रत्यारोपण की सुविधा शुरू करने की तैयारियां प्रारंभ करने के निर्देश दिए। इससे जिले में गंभीर नेत्र रोगियों को भविष्य में बेहतर उपचार सुविधा मिलने की उम्मीद है।

कलेक्टर ने अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था की भी समीक्षा की और सभी वार्डों, शौचालयों तथा पूरे परिसर में नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नेत्रदान जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नेत्रदान पखवाड़े के तहत आयोजित जागरूकता रैली को अस्पताल परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिले में नेत्रदान पखवाड़ा 25 अगस्त से 9 सितंबर तक मनाया जाएगा।

रैली में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्वास्थ्य कार्यकर्ता और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए। रैली के माध्यम से आम लोगों को नेत्रदान के महत्व और इसके जरिए किसी जरूरतमंद के जीवन में रोशनी लाने के संदेश से जागरूक किया गया।

इस दौरान मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अविनाश मेश्राम, अस्पताल अधीक्षक डॉ. आर.सी. आर्या, सिविल सर्जन डॉ. जे.के. रेलवानी सहित अस्पताल के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *