अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ शासन ने राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के पदस्थापना में बड़ा फेरबदल करते हुए छह अधिकारियों का स्थानांतरण किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 27 अगस्त को जारी आदेश में नगर पालिक निगम अंबिकापुर के आयुक्त देव नारायण कश्यप का भी तबादला किया गया है। उन्हें मंत्रालय में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के उप सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जारी आदेश के अनुसार वर्ष 2010 बैच के राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारी देव नारायण कश्यप वर्तमान में नगर पालिक निगम अंबिकापुर (सरगुजा) के आयुक्त पद पर कार्यरत थे। शासन ने उन्हें प्रशासनिक आधार पर स्थानांतरित करते हुए नई जिम्मेदारी दी है।
वहीं, नारायणपुर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार अग्रवाल को अंबिकापुर नगर निगम का नया आयुक्त बनाया गया है। उनके पदस्थापन से नगर निगम को नया नेतृत्व मिलेगा।

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में अन्य अधिकारियों के तबादले भी शामिल हैं। अपर कलेक्टर कोंडागांव चित्रकांत चाली ठाकुर को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नारायणपुर, अपर कलेक्टर बलौदाबाजार-भाटापारा दिव्या गोते को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में परीक्षा नियंत्रक तथा अपर कलेक्टर बेमेतरा गुरुदयाल लाल जगत को श्रम विभाग में उप सचिव पद पर पदस्थ किया गया है।
इसके अलावा, सामान्य प्रशासन विभाग के उप सचिव डॉ. ऋतु वर्मा को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में परीक्षा नियंत्रक के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है।
राज्य शासन के इस प्रशासनिक फेरबदल को विभिन्न विभागों में कार्यों के बेहतर संचालन और प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
