अंबिकापुर, 27 अगस्त 2026। जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव ने बुधवार को उदयपुर विकासखंड का सघन दौरा कर ग्राम पंचायत रिखी, पलका और जजगी में चल रहे विभिन्न विकास एवं आजीविका संबंधी कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने विकसित भारत जी राम जी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण और बिहान योजना के तहत संचालित गतिविधियों का जायजा लेते हुए विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ रोजगारमूलक कार्यों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
रिखी में आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण
ग्राम पंचायत रिखी में नवीन आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण करते हुए जिला पंचायत सीईओ ने भवन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान वॉश बेसिन की ऊंचाई अधिक पाए जाने पर उसे बच्चों की सुविधा के अनुरूप नीचे करने के निर्देश दिए।
पलका में जल संरक्षण और आवास कार्यों की समीक्षा

पलका में उन्होंने स्टेगर्ड कंटूर ट्रेंच, ब्रशवुड, बोल्डर चेकडैम और स्टोन गली प्लग सहित विभिन्न जल संरक्षण कार्यों का निरीक्षण किया। साथ ही अपूर्ण प्रधानमंत्री आवास और बालिका शौचालयों की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्माण कार्यों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने बिहान योजना से जुड़ी महिलाओं से चर्चा कर उनकी आजीविका गतिविधियों की जानकारी भी ली।
जजगी में मॉडल स्कूल बनाने पर जोर
ग्राम जजगी में डीएमएफ मद से निर्मित माध्यमिक शाला भवन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने विद्यालय को गुणवत्तापूर्ण सुविधाओं से युक्त मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने भवन में आवश्यक सुविधाओं और विद्यार्थियों के अनुकूल व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।
समीक्षा बैठक में विभागीय अभिसरण पर जोर

निरीक्षण के बाद जनपद पंचायत सभाकक्ष में समीक्षा बैठक हुई। इसमें जिला पंचायत सीईओ ने सभी विभागों के साथ अभिसरण कर विकास और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित करने पर जोर दिया। उन्होंने कृषि, उद्यानिकी और पशुपालन विभाग के साथ समन्वय कर अधिक से अधिक रोजगार एवं आजीविका संवर्धन के कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के प्रारंभ आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा अप्रारंभ आवासों को तत्काल शुरू कर 60 दिवस में पूरा कराने को कहा गया। 15वें वित्त आयोग के लंबित कार्यों को भी जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत स्वीकृत 59 बालिका शौचालय और 40 मुक्तिधामों का निर्माण दो माह के भीतर पूरा कराने को कहा गया। जल संरक्षण कार्यों में CLART मैप का अनिवार्य उपयोग करने तथा मजदूरी आधारित कार्यों को प्राथमिकता से चिन्हांकित कर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए। अमृत सरोवरों के आसपास पौधरोपण कराने पर भी जोर दिया गया।
स्वच्छता और आजीविका गतिविधियों पर भी फोकस

स्वच्छता कार्यों की समीक्षा के दौरान समर्थ पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीयन, सामुदायिक शौचालयों को पूर्ण कराने, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और बाजार क्षेत्रों में सफाई शुल्क की वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बिहान योजना की समीक्षा में लखपति दीदियों को टेंट हाउस, किराना दुकान, बकरी पालन सहित विभिन्न गतिविधियों से जोड़कर मल्टी-एक्टिविटी आधारित आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
दौरे और समीक्षा बैठक के दौरान जनपद पंचायत सीईओ, विकसित भारत जी राम जी एवं प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की जिला टीम, तकनीकी अमला, सरपंच, सचिव सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
