ऑनलाइन रिकॉर्ड में 864 भरे सिलेंडर, मौके पर मिले सिर्फ 452; प्रशासन ने 939 सिलेंडर किए जब्त
बिलासपुर। उपभोक्ताओं से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिला प्रशासन की संयुक्त जांच टीम ने मगरपारा स्थित बालाजी गैस एजेंसी कार्यालय और महाराणा चौक स्थित गैस गोदाम में औचक जांच की। जांच के दौरान ऑनलाइन दर्ज स्टॉक और मौके पर उपलब्ध वास्तविक स्टॉक में बड़ी विसंगति सामने आई। टीम ने मौके पर उपलब्ध 939 गैस सिलेंडरों को जब्त कर लिया।
जांच में ऑनलाइन रिकॉर्ड के अनुसार एजेंसी के पास 864 भरे सिलेंडर होना दर्ज था, लेकिन भौतिक सत्यापन में केवल 452 भरे सिलेंडर मिले। इस तरह रिकॉर्ड की तुलना में 412 भरे सिलेंडर कम पाए गए। वहीं ऑनलाइन रिकॉर्ड में 473 खाली सिलेंडर दर्ज थे, जबकि मौके पर 487 खाली सिलेंडर मिले, यानी 14 खाली सिलेंडर रिकॉर्ड से अधिक पाए गए।
स्टॉक में गंभीर अंतर सामने आने के बाद जांच टीम ने मौके पर मौजूद सभी 452 भरे और 487 खाली, कुल 939 सिलेंडरों को जब्त कर लिया। टीम ने एजेंसी के संबंधित दस्तावेजों और स्टॉक रिकॉर्ड का भी परीक्षण किया।
उपभोक्ताओं से भी दर्ज किए बयान
जांच के दौरान मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं से एजेंसी की सेवाओं के संबंध में जानकारी ली गई और उनके बयान दर्ज किए गए। जांच में एजेंसी के खिलाफ बुकिंग के बाद भी सिलेंडर नहीं मिलने तथा ऑनलाइन डिलीवरी प्रदर्शित होने के बावजूद वास्तविक रूप से सिलेंडर प्राप्त नहीं होने जैसी शिकायतों की जानकारी सामने आई।
कॉल सेंटर और सीएम हेल्पलाइन 1076 में भी एजेंसी के खिलाफ शिकायतें दर्ज होने की बात सामने आई है।

सात दिन में सौंपेंगे जांच रिपोर्ट
कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर राजस्व, खाद्य विभाग और आईओसीएल की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। जांच दल में तहसीलदार प्रकाश साहू, सहायक खाद्य अधिकारी अजय मौर्य, खाद्य निरीक्षक विनीता दास, वर्षा सिंह, मंगेश कांत, ललिता शर्मा, आशीष दीवान, वसुधा राजपूत तथा आईओसीएल के सेल्स ऑफिसर पंकज छेतिजा शामिल रहे।
जांच दल द्वारा एजेंसी से संबंधित अभिलेखों, स्टॉक और प्राप्त शिकायतों की विस्तृत जांच की जाएगी। टीम सात दिवस के भीतर जांच प्रतिवेदन कलेक्टर को सौंपेगी। प्रतिवेदन के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
