खेलने के दौरान डबरी में जा गिरा मासूम, मर्ग कायम कर जांच में जुटी बतौली पुलिस

बतौली। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम बांसाझाल में पानी के लिए खोदी गई डबरी में डूबने से दो वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, दो वर्षीय मासूम घर के आसपास खेल रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते वह पानी से भरी डबरी के पास पहुंच गया और उसमें जा गिरा। परिजनों को जब घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल मासूम को डबरी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलने पर बतौली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामले में मर्ग रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, डबरी में पानी भरा होने के कारण छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर पहले से चिंता बनी रहती है। घटना के बाद ग्रामीणों ने ऐसी जगहों पर सुरक्षा के इंतजाम किए जाने की जरूरत बताई है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *