पुलिस की घेराबंदी से भागे तस्कर, वाहन छोड़कर गन्ने के खेत में छिपे; करीब 3 किलोमीटर पीछा कर पकड़े गए आरोपी

अंबिकापुर/लुंड्रा। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सरगुजा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लुंड्रा थाना क्षेत्र के बरगीडीह में पुलिस ने एक स्कॉर्पियो-एन वाहन से करीब 138 किलो गांजा बरामद किया है। मामले में गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य संदिग्ध के गन्ने के खेत में छिपे होने की आशंका के चलते पुलिस की तलाश जारी रही।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में और लुंड्रा थाना प्रभारी अशफाक अहमद अंसारी के नेतृत्व में की गई।

सुबह 5:30 बजे मिली तस्करी की सूचना

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह करीब 5:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि एक थार और स्कॉर्पियो-एन वाहन तेज रफ्तार से बगीचा की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही बगीचा एसडीओपी दिलीप कोसले के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों को रोकने के लिए घेराबंदी शुरू की।

पुलिस ने रास्ते में ट्रक की मदद से बैरिकेडिंग कर वाहनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन संदिग्ध वाहन चालकों ने रफ्तार बढ़ा दी और रास्ता बदलकर निकलने की कोशिश की। इस दौरान बगीचा पुलिस के आरक्षक लोकेश कुमार ठाकुर और एक स्थानीय ग्रामीण महिला को वाहन की चपेट में आने से बचने के लिए सड़क से हटकर खेत की ओर जाना पड़ा।

लुंड्रा और बतौली पुलिस को किया गया अलर्ट

वाहनों के घेराबंदी तोड़कर निकलने के बाद बगीचा पुलिस ने तत्काल लुंड्रा, बतौली और रघुनाथपुर थाना क्षेत्रों को अलर्ट किया। संभावित रास्तों पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की तलाश शुरू की गई।

इसी दौरान बरगीडीह के पैनका पारा के पास संदिग्धों द्वारा वाहन छोड़कर पैदल भागने की सूचना मिली। पुलिस के मुताबिक करीब तीन संदिग्ध झेराडीह की ओर भागे और पीछा किए जाने पर गन्ने के खेत में जाकर छिप गए।

तीन किलोमीटर पीछा कर गन्ने के खेत से दबोचा

लुंड्रा थाना प्रभारी अशफाक अहमद अंसारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से आरोपियों का करीब तीन किलोमीटर तक पीछा किया। इस दौरान बगीचा पुलिस के आरक्षक यशवंत तिवारी ने खेत में एक संदिग्ध को पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से दूसरे आरोपी को भी दबोच लिया गया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान बलराज सिंह (23), निवासी/हाल मुकाम गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश और अजय बंसल (23), निवासी/हाल मुकाम गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस को खेत में एक अन्य संदिग्ध के छिपे होने की आशंका थी। इसके बाद पूरे गन्ने के खेत में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस के मुताबिक तलाशी के दौरान संदिग्ध के पैरों के निशान भी मिले हैं। खबर लिखे जाने तक तीसरे संदिग्ध की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी और उसकी तलाश जारी थी।

स्कॉर्पियो में 53 पैकेटों में मिला गांजा

पुलिस के अनुसार सफेद रंग की स्कॉर्पियो-एन वाहन की तलाशी लेने पर उसमें टेप से बंधे छोटे-बड़े कई पैकेट मिले। प्रारंभिक जांच में इन पैकेटों में गांजा होना पाया गया। पुलिस ने कुल 53 पैकेटों से करीब 138 किलो गांजा बरामद किया है।

अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। मामले में वाहन और बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

संयुक्त पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

कार्रवाई में लुंड्रा, बतौली और बगीचा पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस के अनुसार आरोपियों को पकड़ने में बगीचा आरक्षक यशवंत तिवारी की विशेष भूमिका रही। वहीं आरक्षक लोकेश कुमार ठाकुर समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने भी कार्रवाई के दौरान महत्वपूर्ण योगदान दिया। स्थानीय ग्रामीणों ने भी पुलिस टीम को सहयोग किया।

कार्रवाई में एसडीओपी बगीचा दिलीप कोसले, थाना प्रभारी लुंड्रा अशफाक अहमद अंसारी, चौकी प्रभारी रामनारायण पटेल, थाना प्रभारी बतौली विवेक सेंगर, थाना प्रभारी बगीचा गौरव पांडे सहित पुलिस अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क, सप्लाई चैन और इस मामले में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *