अंबिकापुर। बच्चों में पोषण की कमी और एनीमिया की रोकथाम के उद्देश्य से सरगुजा जिले में शिशु संरक्षण माह की शुरुआत हो गई है। यह अभियान 18 अगस्त से 24 सितंबर 2026 तक चलाया जाएगा। अभियान का शुभारंभ मंगलवार को मातृत्व एवं शिशु अस्पताल में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी.एस. मार्को ने किया।

अभियान के दौरान जिले में 9 माह से 5 वर्ष तक की आयु के बच्चों को निर्धारित अंतराल पर विटामिन ‘ए’ की खुराक दी जाएगी। इसके साथ ही बच्चों को सप्ताह में दो दिन मंगलवार और शुक्रवार को आयरन सीरप पिलाया जाएगा। यह प्रक्रिया लगातार छह महीने तक जारी रहेगी।

गर्भवती और एनीमिया पीड़ित महिलाओं को भी मिलेगा लाभ

शिशु संरक्षण माह के तहत बच्चों के साथ गर्भवती महिलाओं और एनीमिया से पीड़ित महिलाओं पर भी ध्यान दिया जाएगा। जरूरत के अनुसार उन्हें आयरन की गोलियां उपलब्ध कराई जाएंगी।

सीएमएचओ डॉ. पी.एस. मार्को ने जिले के अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को निर्धारित समय पर विटामिन ‘ए’ और आयरन सीरप जरूर पिलाएं। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से पोषक तत्वों की पूर्ति बच्चों में एनीमिया और पोषण संबंधी समस्याओं की रोकथाम में मदद करती है।

स्वास्थ्य और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिए निर्देश

सीएमएचओ ने जिले के सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान अधिक से अधिक पात्र बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित की जाए और उन्हें विटामिन ‘ए’ तथा आयरन सीरप की निर्धारित खुराक उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने कहा कि शिशु संरक्षण माह बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए महत्वपूर्ण अभियान है। इसके जरिए बच्चों में विटामिन ‘ए’ और आयरन की कमी दूर करने के साथ उनके स्वस्थ शारीरिक विकास को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

अधिकारी-कर्मचारी रहे मौजूद

अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. पी.के. सिन्हा, जिला टीकाकरण अधिकारी, सीपीएम डॉ. सीमा तिग्गा, संभागीय यूएनडीपी अधिकारी अंकित वर्मा, सुरेश एक्का, संजय पाण्डेय और राजेन्द्र साहू सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *