अंबिकापुर। एचपीवी संक्रमण और इससे होने वाले गर्भाशय ग्रीवा यानी सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए मंगलवार को दशमेश पब्लिक स्कूल, अंबिकापुर में एचपीवी टीकाकरण सत्र आयोजित किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यालय की 15 पात्र छात्राओं का टीकाकरण किया।

टीकाकरण के दौरान छात्राओं और स्कूल प्रबंधन को एचपीवी वैक्सीन के महत्व, सुरक्षा और इसके संभावित लाभों की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बताया कि एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारणों में शामिल है और समय पर टीकाकरण भविष्य में इस बीमारी के जोखिम को कम करने में मददगार हो सकता है।

छात्राओं को दी गई जरूरी जानकारी

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्राओं को एचपीवी संक्रमण से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया। साथ ही टीकाकरण की भूमिका और निर्धारित आयु वर्ग में समय पर वैक्सीन लगवाने के महत्व को समझाया गया।

अधिकारियों ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपनी पात्र बालिकाओं का समय पर एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं। विभाग का कहना है कि किशोरावस्था में निर्धारित समय पर टीकाकरण कराकर भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को कम करने में मदद मिल सकती है।

स्वास्थ्य टीम ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

टीकाकरण सत्र को सफल बनाने में डॉ. साधना मिश्रा, स्टाफ नर्स संजिता एक्का, एएनएम शशि सिन्हा, आरएचओ सागर राय, आरएचओ अजित मिंज और ऑपरेटर अनुप का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित आयु वर्ग की सभी पात्र बालिकाओं को एचपीवी टीका समय पर लगवाएं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जागरूकता और समय पर टीकाकरण के जरिए सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में प्रभावी कदम उठाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *