घुटरापारा चौक में कपड़े खपाने की कोशिश नाकाम, साड़ी-कपड़े और वारदात में इस्तेमाल बाइक समेत करीब 50 हजार का सामान जब्त
अंबिकापुर। घुटरापारा इलाके में पिकअप से कपड़ों का गट्ठर चोरी करने के बाद उसे बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे दो युवकों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस को आरोपियों के बारे में मुखबिर से सूचना मिली थी। टीम ने घुटरापारा चौक क्षेत्र में घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा। पूछताछ के बाद उनके कब्जे से चोरी की साड़ी-कपड़े, तिरपाल और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की गई। जब्त सामान और वाहन की कुल कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक घुटरापारा निवासी विकास सोनी साप्ताहिक बाजारों में कपड़े बेचने का काम करते हैं। उन्होंने 29 अगस्त को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 27 से 29 अगस्त के बीच उनके घर के सामने खड़ी पिकअप से कपड़ों का एक गट्ठर गायब हो गया। गट्ठर में साड़ी, अन्य कपड़े और पुरानी तिरपाल रखी थी, जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपए बताई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
ग्राहक की तलाश में घूम रहे थे आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि शिकायतकर्ता के पड़ोस में रहने वाले दो युवक चोरी किए गए कपड़ों को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घुटरापारा चौक क्षेत्र में दबिश देकर संदिग्ध रोशन राम चेरवा और राजकुमार चेरवा को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। सख्ती से पूछताछ किए जाने पर उन्होंने पिकअप से कपड़ों का गट्ठर, झोला और तिरपाल चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया।
बाइक भी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की साड़ी एवं कपड़ों के अलावा वारदात में इस्तेमाल काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG-15-DZ-6108 भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार बरामद सामान और बाइक सहित कुल जब्ती करीब 50 हजार रुपए की है।
गिरफ्तार आरोपियों में रोशन राम चेरवा (24) और राजकुमार चेरवा (26) दोनों घुटरापारा पुरानी पानी टंकी के पास के निवासी बताए गए हैं। आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, प्रधान आरक्षक सुराज राय, आरक्षक विवेक राय, नितिन सिन्हा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
