प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से की तैयारियों की समीक्षा, कलेक्टर अजीत वसंत ने सरगुजा की कार्ययोजना की दी जानकारी
अम्बिकापुर, 09 सितम्बर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा एवं समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करने और ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को जनभागीदारी से मजबूत करने के उद्देश्य से सरगुजा सहित प्रदेशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर से होगी और यह 17 अक्टूबर तक चलेगा।
अभियान के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ ही आम नागरिकों को विभिन्न सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा।
अभियान की तैयारियों को लेकर वित्त मंत्री एवं सरगुजा जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने जिलों में अभियान के लिए नियुक्त नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों, विभागवार जिम्मेदारियों, प्रस्तावित कार्यक्रमों और कार्ययोजना की जानकारी ली।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान की सभी गतिविधियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी हों और विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ इनका प्रभावी मैदानी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए केवल सरकारी तंत्र ही नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
कलेक्टोरेट स्थित एनआईसी कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जुड़े कलेक्टर अजीत वसंत ने सरगुजा जिले में अभियान को लेकर की गई तैयारियों और प्रस्तावित कार्ययोजना की जानकारी दी। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी मौजूद रहे।
17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ से होगी शुरुआत
अभियान के पहले दिन 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत जिले के परिवारों को दीप प्रज्वलित कर अभियान से जोड़ने का प्रयास होगा। दीप को प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के सामूहिक संकल्प के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। मैदानी स्तर पर टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों को इस पहल में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करेंगी।
बच्चों के सपनों में दिखेगा विकसित भारत
‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच शासकीय एवं निजी विद्यालयों में ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। इनमें बच्चे विकसित भारत की अपनी कल्पना और देश की प्रगति से जुड़े विचार प्रस्तुत करेंगे। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित करने के साथ उनकी रचनाओं को प्रदर्शित भी किया जाएगा।
नुक्कड़ नाटकों से लोगों तक पहुंचेगी ‘नमो सेवा गाथा’
‘नमो सेवा गाथा’ कार्यक्रम के जरिए गांवों और स्थानीय क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। इन प्रस्तुतियों में पिछले 25 वर्षों के सेवा कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और योजनाओं से हुए बदलावों को रोचक एवं सरल तरीके से आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा। 2 अक्टूबर को देश के 100 प्रमुख स्थानों पर विशेष मंचन प्रस्तावित है।

आंगनवाड़ी केंद्रों में होगा ‘आंगन का उत्सव’
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में माताओं और बच्चों की भागीदारी के साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। पोषण, टीकाकरण, मातृ सहायता तथा महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। हितग्राही महिलाएं योजनाओं से मिले लाभ और अपने जीवन में आए बदलावों के अनुभव साझा करेंगी।
सामने आएंगी योजनाओं से बदली जिंदगी की कहानियां
अभियान के दौरान ‘कहानी बदलाव की’ पहल के तहत शासकीय योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक सफलता की कहानियां जुटाई जाएंगी। इसमें हितग्राही का नाम, स्थान, संबंधित योजना और योजना से जीवन में हुए बदलाव का विवरण दर्ज किया जाएगा। इन अनुभवों का डिजिटल डेटा बैंक तैयार किया जाएगा, ताकि योजनाओं के प्रभाव को व्यापक रूप से सामने लाया जा सके।
‘सेवा ज्योति यात्रा’ से सामूहिक संकल्प
जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए गांव से लेकर जिला और राज्य स्तर तक ‘सेवा ज्योति यात्रा’ आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के लिए सामूहिक संकल्प को मजबूत करना है।
नागरिक अपने स्तर पर करेंगे सेवा कार्य
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाली ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल में नागरिकों और विभिन्न संस्थाओं को सेवा गतिविधियों में शामिल किया जाएगा। स्वच्छता, नदी-घाटों की सफाई सहित अलग-अलग सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से लोगों को अपने स्तर पर योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसमें जनप्रतिनिधियों के साथ स्वयंसेवी संगठन, शैक्षणिक संस्थान, स्व-सहायता समूह, युवा, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और आम नागरिक भाग लेंगे।
‘सरकार आपके द्वार’ के जरिए योजनाओं का लाभ
‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत विधानसभा और विकासखंड स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी। पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने, उन्हें योजनाओं से जोड़ने और आवेदन सहित अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा।
कई अन्य गतिविधियों से बनेगा जनसहभागिता का माहौल
अभियान के दौरान ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘जल जन सेवा संकल्प’, ‘रंगोली राष्ट्र/भारत मंडल’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के माध्यम से विकास एवं परिवर्तन से जुड़े स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा, जबकि ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन 7 अक्टूबर को प्रस्तावित है। अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ आम नागरिकों को सेवा, सहभागिता और विकसित भारत के व्यापक संकल्प से जोड़ना है।
