
कुशल कामगारों और जरूरतमंदों को एक मंच पर जोड़ने की कोशिश, पंजीयन से लेकर सेवा तक की सुविधा निःशुल्क
अंबिकापुर। हाथीपखना स्थित गणपति धाम में सामाजिक सरोकार से जुड़ी एक नई पहल की शुरुआत हुई। बाल गंगाधर तिलक गणपति स्थापना समिति ट्रस्ट ने नागरिकों, नियोक्ताओं और कुशल कामगारों के बीच संपर्क आसान बनाने के उद्देश्य से ‘गणपति सुविधा ऐप’ लॉन्च किया। ऐप के माध्यम से लोगों को उनकी जरूरत के अनुसार स्थानीय स्तर पर विभिन्न कार्यों में दक्ष एवं अनुभवी कामगारों की जानकारी उपलब्ध कराने की योजना है।
गणपति धाम में भगवान गणेश की महाआरती से पहले आयोजित कार्यक्रम में तकनीकी टीम ने एलईडी स्क्रीन के माध्यम से ऐप की कार्यप्रणाली और उपयोगिता की जानकारी दी। बताया गया कि ऐप के जरिए एक ओर कामगारों को अपने कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर तलाशने में मदद मिलेगी, वहीं दूसरी ओर नागरिक अपनी आवश्यकता के अनुसार संबंधित कामगार की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
आसान पंजीयन की व्यवस्था

गणपति समिति के वरिष्ठ संरक्षक भारत सिंह ने बताया कि कामगारों के पंजीयन के लिए ऐप में सरल फॉर्म उपलब्ध रहेगा। इसमें कामगार अपना नाम, मोबाइल नंबर, कार्य का प्रकार और पता दर्ज कर सकेंगे। इसके आधार पर जरूरतमंद व्यक्ति अपने क्षेत्र और आवश्यकता के अनुसार संबंधित कामगार से संपर्क कर सकेगा।
कई तरह के कामगारों की जानकारी
समिति के अनुसार ऐप में इलेक्ट्रीशियन, प्लंबर, कारपेंटर, मैकेनिक, पेंटर, पुट्टी मिस्त्री, राजमिस्त्री, मजदूर, रेजा, वेल्डर, फैब्रिकेटर, सेंट्रिंग मिस्त्री, ट्रैक्टर-हार्वेस्टर चालक, कृषि श्रमिक, ऑटो-टैक्सी एवं कार चालक, ऑटोमोबाइल और पंचर मिस्त्री सहित विभिन्न श्रेणियों के कामगारों को जोड़ा जाएगा।
इसके अलावा घरेलू सहायिका, धोबी, नाई, ब्यूटीशियन, सुरक्षा गार्ड, रसोइया, टेंट संचालक और फोटोग्राफर जैसे सेवा क्षेत्रों से जुड़े लोगों के लिए भी ऐप में पंजीयन की सुविधा रखी गई है।
ओटीपी वेरिफिकेशन से सुरक्षा

गणपति धाम के सदस्य नरेंद्र सिंह टुटेजा ने बताया कि ऐप में पंजीयन और सुरक्षा के लिए ओटीपी वेरिफिकेशन की व्यवस्था प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट की भूमिका मुख्य रूप से कामगार की संपर्क जानकारी उपलब्ध कराने तक रहेगी। ऐप को आगे और अधिक उपयोगी एवं व्यावहारिक बनाने के लिए तकनीकी स्तर पर काम जारी रहेगा।
समिति ने बताया कि ‘गणपति सुविधा ऐप’ का उपयोग निःशुल्क रखा गया है। पहल का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर कामगारों और काम की तलाश करने वाले लोगों के बीच संपर्क का एक सरल माध्यम तैयार करना है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री विनोद हर्ष, निलेश सिंह, शैलेश सिंह शैलू, रूपेश दुबे, अविनाश मंडल सहित तकनीकी टीम के नवप्रीत सिंह चावला, विनय पांडेय और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
