खराब सड़क और नाले पर पुलिया नहीं होने से गांव तक नहीं पहुंच सका बड़ा वाहन, परिजनों ने 108-102 सेवा से संपर्क नहीं किया

बलरामपुर, 10 अगस्त 2026। ग्राम भैंसापाठ में एक महिला मरीज को झेलंगी के सहारे ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने पूरे मामले को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के अनुसार, मरीज को उसके परिजन स्वास्थ्य उपचार के लिए झेलंगी के सहारे लेकर जा रहे थे।

स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भैंसापाठ, ग्राम पंचायत अमरपुर, विकासखंड कुसमी निवासी 58 वर्षीय श्रीमती रदनी को सर्दी, खांसी और कमजोरी की शिकायत थी। स्वास्थ्य उपचार के लिए उनके परिजन उन्हें गांव से बाहर ले जा रहे थे।

सड़क खराब होने से आवागमन में परेशानी

विभाग के अनुसार, भैंसापाठ गांव से करीब दो किलोमीटर तक सड़क की स्थिति खराब है। वहीं, रास्ते में नाले पर पुलिया का निर्माण नहीं होने के कारण बड़े वाहनों का आवागमन संभव नहीं हो पा रहा है। ऐसी स्थिति में मरीज के परिजन उसे झेलंगी के सहारे नाले के रास्ते से पुलिया तक लेकर पहुंचे।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि इस दौरान मरीज के परिजनों द्वारा 108 या 102 एंबुलेंस सेवा से संपर्क नहीं किया गया था। इसके अलावा किसी स्वास्थ्य कार्यकर्ता को भी इसकी सूचना नहीं दी गई थी।

निजी वाहन से महुआडांड़ ले गए

विभाग के मुताबिक, मरीज को झेलंगी के सहारे पुलिया तक पहुंचाने के बाद परिजनों ने निजी वाहन की व्यवस्था की। इसके बाद महिला को महुआडांड़, झारखंड स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

स्वास्थ्य विभाग ने सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के संबंध में यह जानकारी देते हुए स्पष्ट किया है कि एंबुलेंस सेवा या स्वास्थ्य कार्यकर्ता से संपर्क किए जाने की सूचना विभाग को नहीं मिली थी।

सड़क और पुलिया का मुद्दा फिर सामने

मरीज को झेलंगी के सहारे ले जाने का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र की सड़क और पुलिया की समस्या एक बार फिर चर्चा में आ गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में खराब सड़क और आवागमन के साधनों की कमी के कारण आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में होने वाली परेशानियों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

अब देखना होगा कि संबंधित विभाग द्वारा भैंसापाठ तक सड़क और नाले पर पुलिया की समस्या के स्थायी समाधान के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *