अम्बिकापुर, 17 अगस्त 2026। विकासखंड दरिमा के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र फुन्दुरडिहारी में कोविड काल के बाद करीब छह वर्ष के अंतराल के पश्चात संस्थागत प्रसव एवं आईपीडी (अंतरंग रोगी विभाग) सेवाएं पुनः प्रारंभ कर दी गई हैं। सेवाओं की बहाली से क्षेत्र के ग्रामीणों को अब उपचार एवं प्रसव के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

उल्लेखनीय है कि कोविड काल के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र फुन्दुरडिहारी को टेस्टिंग सेंटर के रूप में उपयोग किया गया था। इसके बाद यहां विकासखंड कार्यालय संचालित होने के कारण संस्थागत प्रसव एवं आईपीडी सेवाएं प्रभावित थीं। कलेक्टर श्री अजित वसंत ने स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विकासखंड कार्यालय को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र दरिमा में स्थानांतरित कर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में तत्काल आईपीडी एवं संस्थागत प्रसव सेवाएं शुरू करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर के निर्देश के अनुपालन में विकासखंड कार्यालय को सीएचसी दरिमा में स्थानांतरित किया गया। इसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में मरीजों के लिए वार्ड एवं संस्थागत प्रसव की आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त की गईं। साथ ही, अधीनस्थ उप स्वास्थ्य केन्द्रों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को संस्थागत प्रसव के लिए स्वास्थ्य केन्द्र तक लाने हेतु समन्वय की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।

इसी क्रम में उप स्वास्थ्य केन्द्र सकालो क्षेत्र की एक गर्भवती महिला का प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र फुन्दुरडिहारी में सफलतापूर्वक संस्थागत प्रसव कराया गया। प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा उनकी आवश्यक देखभाल एवं निगरानी की जा रही है।

प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में संस्थागत प्रसव एवं आईपीडी सेवाएं पुनः शुरू होने से फुन्दुरडिहारी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने से गर्भवती महिलाओं एवं आम नागरिकों को समय पर उपचार मिल सकेगा और उन्हें अनावश्यक रूप से दूरस्थ स्वास्थ्य केन्द्रों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *