पीएम आवास, आंगनबाड़ी और पीडीएस भवन निर्माण की ली जानकारी, कार्यों में तेजी और गुणवत्ता के दिए निर्देश
अम्बिकापुर, 24 अगस्त 2026। नवनियुक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सरगुजा सुश्री रोमा श्रीवास्तव ने सोमवार को जनपद पंचायत अम्बिकापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत मलगवांखुर्द का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने गांव में संचालित और निर्माणाधीन विकास कार्यों का मौके पर जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत निर्माणाधीन एवं अपूर्ण आवासों के साथ वीबी-जी राम-जी योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन और पीडीएस भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, उपयोग की जा रही सामग्री और गुणवत्ता की जानकारी लेते हुए निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
BALA कॉन्सेप्ट के अनुरूप बनेगा आकर्षक आंगनबाड़ी भवन
आंगनबाड़ी भवन के निरीक्षण के दौरान सीईओ ने BALA यानी Building as Learning Aid कॉन्सेप्ट के अनुरूप भवन विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के लिए केवल बैठने का स्थान नहीं, बल्कि सीखने और विकास के लिए अनुकूल वातावरण होना चाहिए।
उन्होंने भवन में बच्चों की आयु और रुचि के अनुरूप शैक्षणिक चित्रकारी, सीखने में सहायक आकृतियों और बाल उपयोगी सुविधाओं को शामिल करने के निर्देश दिए। भवन को सुरक्षित, आकर्षक और बच्चों के अनुकूल बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
अपूर्ण पीएम आवास जल्द पूर्ण कराने के निर्देश
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत निर्माणाधीन और अपूर्ण आवासों की समीक्षा करते हुए सुश्री श्रीवास्तव ने पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायक को प्रत्येक आवास की स्थिति की जानकारी लेकर हितग्राहियों से संपर्क करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर मिले, यह मैदानी अमले की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने आवास निर्माण में गुणवत्ता बनाए रखने तथा लंबित आवासों को जल्द पूर्ण कराने के लिए नियमित निगरानी करने को कहा।
पीडीएस भवन का निर्माण समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश
जिला पंचायत सीईओ ने निर्माणाधीन पीडीएस भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं तकनीकी अमले को निर्माण में तेजी लाने और गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भवन का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने पर जोर दिया गया।
योजनाओं की मैदानी निगरानी पर जोर
सुश्री श्रीवास्तव ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी जरूरी है। उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों का लगातार निरीक्षण करने और समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता को प्राथमिकता दी जाए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत अम्बिकापुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक, ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
