31वीं किस्त से सरिता और ममता के परिवार में रक्षाबंधन की खुशियां, राखी-मिठाई से लेकर घरेलू जरूरतों तक बनी आर्थिक मदद

अम्बिकापुर, 25 अगस्त 2026। रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त ने प्रदेश की महिलाओं के चेहरों पर मुस्कान ला दी है। हर माह मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता राशि महिलाओं के लिए सिर्फ आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि परिवार की छोटी-बड़ी जरूरतों को पूरा करने और त्योहारों की खुशियों को सहज बनाने का जरिया भी बन रही है।

लखनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत झुमरपारा निवासी सरिता राजवाड़े के परिवार में भी इस बार रक्षाबंधन का उत्साह कुछ खास है। योजना की 31वीं किस्त मिलने के बाद सरिता ने बताया कि वह इस राशि से अपने भाई के लिए राखी, मिठाई और उपहार खरीदेंगी। साथ ही परिवार की जरूरी जरूरतों में भी इस राशि का उपयोग करेंगी।

सरिता का कहना है कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और विश्वास का पर्व है। ऐसे समय में आर्थिक सहायता मिलने से त्योहार की तैयारियां आसान हो गई हैं। उनके अनुसार, योजना की राशि परिवार के बच्चों की जरूरतों, घरेलू खर्च और रोजमर्रा की आवश्यकताओं को पूरा करने में भी सहायक साबित हो रही है।

ममता के लिए भी 31वीं किस्त बनी त्योहार की खुशी

इसी तरह लखनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत लटोरी निवासी ममता राजवाड़े भी महतारी वंदन योजना से नियमित रूप से मिलने वाली राशि को महिलाओं के लिए उपयोगी आर्थिक सहारा मानती हैं। ममता महिमा स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं और जेंडर गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं।

ममता ने बताया कि 31वीं किस्त समय पर मिलने से इस वर्ष रक्षाबंधन की तैयारियां आसान हुई हैं। उन्होंने भाई के लिए राखी और मिठाई की व्यवस्था की है। उनका कहना है कि योजना की राशि से महिलाओं को अपनी छोटी-बड़ी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भरता कम करने में मदद मिल रही है।

त्योहार के साथ परिवार की जरूरतों में भी सहारा

दोनों महिलाओं का कहना है कि नियमित आर्थिक सहायता मिलने से वे अपनी जरूरतों और परिवार की प्राथमिकताओं के अनुसार राशि का उपयोग कर पा रही हैं। रक्षाबंधन जैसे अवसरों पर जहां यह राशि त्योहार की तैयारियों में काम आती है, वहीं सामान्य दिनों में घरेलू जरूरतों और बच्चों से जुड़े खर्चों को पूरा करने में भी मदद मिलती है।

ममता और सरिता ने कहा कि महिलाओं के हाथ में सीधे आर्थिक सहायता पहुंचने से उनमें आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना मजबूत हुई है। उनके लिए रक्षाबंधन से पहले मिली 31वीं किस्त भाई-बहन के रिश्ते में खुशियों के साथ आर्थिक संबल का भी संदेश लेकर आई है।

मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार

सरिता और ममता ने महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन से पहले मिली यह राशि उनके लिए किसी उपहार से कम नहीं है।

सरिता ने कहा, “राखी के इस पावन पर्व पर विष्णु भैया ने बहनों को आर्थिक संबल देकर खुशियों का उपहार दिया है।”

वहीं ममता ने कहा कि योजना से मिलने वाली नियमित सहायता महिलाओं को अपने पारिवारिक दायित्व सम्मानपूर्वक निभाने और जरूरत के समय आर्थिक सहारा पाने में मदद कर रही है।

राखी के धागे में जहां भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का बंधन है, वहीं महतारी वंदन योजना की यह किस्त कई परिवारों के लिए त्योहार की खुशियों के साथ आर्थिक सहारे का आधार बन रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *