रेवटी पुलिस ने कैमूर बिहार से शाहजाद अंसारी को पकड़ा, मामले में दो आरोपी पहले ही गिरफ्तार; एक फरार
प्रतापपुर। शेयर करेंसी में निवेश कर कुछ ही दिनों में रकम दोगुनी करने का लालच देकर 8 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में रेवटी पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस टीम ने बिहार के कैमूर जिले में दबिश देकर मामले में फरार चल रहे आरोपी शाहजाद अंसारी (29) को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम गोवर्धनपुर निवासी सुनील पाण्डेय ने 27 फरवरी 2023 को रेवटी चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक तीन व्यक्ति स्विफ्ट डिजायर कार से उसकी दुकान पर पहुंचे और शेयर करेंसी में पैसा लगाने पर कुछ दिनों में रकम दोगुनी करने का झांसा दिया।
आरोपियों ने पहले विश्वास जीतने के लिए सुनील से 10 हजार रुपये लिए और अगले दिन उसे 20 हजार रुपये वापस कर दिए। रकम दोगुनी मिलने के बाद पीड़ित को आरोपियों पर भरोसा हो गया। इसके बाद आरोपियों ने 10 लाख रुपये तक निवेश करने पर 2 से 4 दिन में रकम दोगुनी करने का लालच दिया।
आरोपियों की बातों में आकर पीड़ित ने 8.50 लाख रुपये की व्यवस्था की। 27 फरवरी की सुबह आरोपी उसकी दुकान पर पहुंचे और रकम लेने के बाद खाकी रंग का एक बंद पैकेट उसे दिया। आरोपियों ने पैकेट में 17 लाख रुपये होने का दावा किया और कहा कि वे बाद में इसमें से 3 लाख रुपये लेने आएंगे।
आरोपियों के जाने के बाद उनके मोबाइल बंद मिलने पर पीड़ित ने पैकेट खोला। उसमें नोटों की जगह सादे कागजों का बंडल मिला। इसके बाद ठगी का पता चलने पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
साइबर जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने तकनीकी और साइबर जांच के जरिए आरोपियों की पहचान शुरू की। जांच में पता चला कि ठगी में इस्तेमाल मोबाइल नंबर किसी अन्य व्यक्ति के दस्तावेजों पर जारी कराया गया था। पुलिस के अनुसार मोबाइल दुकान संचालक अमरेश मिश्रा ने दस्तावेजों का कथित दुरुपयोग कर अतिरिक्त सिम जारी किया और उसे आरोपी राजेश सिंह को उपलब्ध कराया था।
पुलिस के मुताबिक राजेश सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर इसी सिम का इस्तेमाल कर पीड़ित से संपर्क किया और ठगी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद सिम और मोबाइल को तोड़कर फेंक दिया गया था।
दो आरोपी पहले ही गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने पूर्व में अमरेश मिश्रा निवासी वाराणसी और राजेश सिंह निवासी वाराणसी को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर ठगी करने की बात स्वीकार की है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की गई थी।
कैमूर में दबिश देकर शाहजाद अंसारी गिरफ्तार
फरार आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी शाहजाद अंसारी पिता स्व. युसुफ अंसारी, निवासी शाही सराय, थाना कुदरा, जिला कैमूर, बिहार में मौजूद है। सूचना पर रेवटी पुलिस की टीम बिहार पहुंची और दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर प्रतापपुर लाया गया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में शाहजाद अंसारी ने भी अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एक आरोपी अब भी फरार
पुलिस के अनुसार मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में चौकी प्रभारी रेवटी संतोष सिंह, प्रधान आरक्षक शिव राजवाड़े, आरक्षक मनरूप पैंकरा एवं अशोक राजवाड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
