
तिल्दा-नेवरा में हुई प्रदेश संघ की वार्षिक बैठक, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और खेल गतिविधियों के विस्तार पर भी बनी कार्ययोजना
अंबिकापुर। तिल्दा-नेवरा में आयोजित नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ की वार्षिक बैठक में आगामी राज्य एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और प्रदेश में नेटबॉल खेल को विस्तार देने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। बैठक में आगामी राज्य स्तरीय नेटबॉल चैंपियनशिप की मेजबानी सरगुजा जिले को देने पर भी चर्चा की गई।
सरगुजा से प्रतिनिधित्व

बैठक में नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन सरगुजा के सचिव रजत सिंह और राष्ट्रीय खिलाड़ी खुशबू गुप्ता ने जिले का प्रतिनिधित्व किया। वहीं नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए। प्रदेश संघ के महासचिव राजेश राठौर ने वर्षभर की खेल गतिविधियों और प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की।
प्रतियोगिता आयोजन को लेकर चर्चा
बैठक में राज्य स्तरीय चैंपियनशिप के आयोजन को लेकर विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। सरगुजा को प्रतियोगिता की मेजबानी मिलने की स्थिति में जिले में खिलाड़ियों को राज्यभर के प्रतिभागियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही प्रशिक्षण शिविर, राज्य एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों की भागीदारी और आगामी खेल कैलेंडर पर भी चर्चा हुई।
खिलाड़ियों को मिलेगा मंच
नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन सरगुजा के सचिव रजत सिंह ने कहा कि जिले के खिलाड़ी लगातार राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे हैं। उनके अनुसार राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सरगुजा में नेटबॉल की गतिविधियों को बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। आगामी समय में जिले में इस खेल को और व्यापक स्तर तक पहुंचाने के लिए संगठन की ओर से विभिन्न गतिविधियां संचालित करने की योजना है।

