मीडिया सम्मान परिवार ने कहा—पुरानी घटनाओं को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रम फैलाने और महिला की निजता प्रभावित करने से बचा जाए

अंबिकापुर, 21 सितंबर। असिस्टेंट प्रोफेसर अकील अहमद अंसारी को लेकर सोशल मीडिया और लिखित शिकायतों के माध्यम से चल रही चर्चाओं के बीच मीडिया सम्मान परिवार ने होली क्रॉस वुमेन्स कॉलेज प्रबंधन को ज्ञापन सौंपकर मामले में संस्थान के गरिमापूर्ण वातावरण को बनाए रखने का आग्रह किया है। ज्ञापन की प्रतियां विश्वविद्यालय अनुदान आयोग, उच्च शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा संचालनालय, संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा संभाग आयुक्त, कलेक्टर और कॉलेज की गवर्निंग बॉडी को भी भेजी गई हैं।

सामाजिक कार्य से जुड़े होने का उल्लेख

ज्ञापन में कहा गया है कि अकील अहमद अंसारी कॉलेज में निर्धारित अध्यापन कार्य के अलावा सामाजिक गतिविधियों से भी जुड़े रहे हैं। संगठन ने उनके शैक्षणिक अनुभव का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्होंने एम.फिल. (डिजिटल क्राइम एंड इन्वेस्टिगेशन) की उपाधि प्राप्त की है और वर्तमान में पीएचडी शोधार्थी हैं।

ज्ञापन में दावा किया गया है कि वे गरीब, जरूरतमंद और पीड़ित लोगों की सहायता के लिए सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से अपनी बात रखते रहे हैं।

अनुपम वस्त्रालय मामले का भी उल्लेख

मीडिया सम्मान परिवार ने अपने पत्र में अंबिकापुर के अनुपम वस्त्रालय से जुड़े मामले का उल्लेख करते हुए कहा है कि अकील अहमद अंसारी ने सोशल मीडिया और वीडियो के माध्यम से मामले को उठाया था। संगठन के अनुसार, इसके बाद पुलिस स्तर पर कार्रवाई हुई थी।

ज्ञापन में इस प्रकरण को लेकर कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर की जा रही टिप्पणियों और विरोध को लेकर भी चिंता जताई गई है। संगठन ने कहा है कि इस पूरे मामले से जुड़े आरोपों और दावों की स्वतंत्र रूप से जांच संबंधित सक्षम एजेंसियों द्वारा की जानी चाहिए।

पुरानी घटना को लेकर सोशल मीडिया पोस्ट पर आपत्ति

ज्ञापन में विशेष रूप से 16-17 वर्ष पुरानी कथित घटना को सोशल मीडिया पर दोबारा चर्चा में लाए जाने पर आपत्ति दर्ज कराई गई है। संगठन का कहना है कि किसी महिला के पुराने व्यक्तिगत जीवन से जुड़े विषयों को वर्तमान में सार्वजनिक चर्चा का हिस्सा बनाना उसकी निजता और सामाजिक प्रतिष्ठा को प्रभावित कर सकता है।

पत्र में कहा गया है कि बिना नाम लिए भी किसी महिला की पहचान तक पहुंचने वाले संकेत या पोस्ट प्रसारित किए जाने से लोगों में अनावश्यक खोजबीन की प्रवृत्ति पैदा हो सकती है। संगठन ने इसे महिला की निजता और गरिमा से जुड़ा संवेदनशील विषय बताते हुए ऐसी सामग्री के प्रसार से बचने की अपील की है।

कॉलेज का वातावरण बनाए रखने की अपील

मीडिया सम्मान परिवार ने कॉलेज प्रबंधन से आग्रह किया है कि सोशल मीडिया अथवा व्यक्तिगत शिकायतों के माध्यम से उत्पन्न किसी भी विवाद का परीक्षण तथ्यों और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर किया जाए। संगठन ने अपने ज्ञापन में ऐसे आरोपों या शिकायतों को लेकर संस्थान के शैक्षणिक एवं गरिमापूर्ण वातावरण को प्रभावित नहीं होने देने का अनुरोध किया है।

ज्ञापन की प्रतिलिपि यूजीसी, उच्च शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा संचालनालय, संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय सरगुजा, सरगुजा संभाग आयुक्त, कलेक्टर सरगुजा तथा होली क्रॉस वुमेन्स कॉलेज की गवर्निंग बॉडी को भेजी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *