लखनपुर के गोरता में पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने हितग्राहियों को सौंपी ‘खुशियों की चाबी’, पीएम आवास, पीएम जनमन और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत बने मकान

अम्बिकापुर। सरगुजा जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण सहित विभिन्न आवासीय योजनाओं के तहत तैयार किए गए 5,596 पक्के मकानों में शुक्रवार को गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिले के अलग-अलग गांवों में हितग्राही परिवारों ने अपने नए घर में प्रवेश किया। आकांक्षी विकासखंड लखनपुर के ग्राम पंचायत गोरता में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने विधिवत पूजा-अर्चना और फीता काटकर हितग्राहियों को उनके नए आवास में गृह प्रवेश कराया। इस दौरान उन्होंने हितग्राही परिवारों को प्रतीकात्मक रूप से ‘खुशियों की चाबी’ सौंपते हुए नए घर के लिए शुभकामनाएं दीं।
गोरता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हितग्राही जुगेंद्र राजवाड़े और उनकी पत्नी फूलमती को नए आवास की चाबी सौंपी गई। पक्का मकान मिलने की खुशी परिवार के सदस्यों के चेहरों पर साफ नजर आई। हितग्राही परिवार ने आवास योजना के माध्यम से अपना घर मिलने पर शासन और प्रशासन के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में अन्य हितग्राहियों जोगेंद्र राजवाड़े, छीहारो और संतोष सहित कई परिवारों को भी नए आवास की चाबी प्रदान की गई। कार्यक्रम में जनपद पंचायत लखनपुर की अध्यक्ष शशिकला सिंह, उपाध्यक्ष कामेश्वर राजवाड़े, ग्राम पंचायत के सरपंच-पंच, जनपद पंचायत की सीईओ खुशबू शास्त्री, अधिकारी-कर्मचारी, एबीपी फेलो और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
अधूरे आवास जल्द पूरा करने के निर्देश

मंत्री राजेश अग्रवाल ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए आवास निर्माण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पात्र हितग्राहियों से अपने अधूरे आवासों को जल्द पूरा करने का आग्रह किया। अधिकारियों को भी निर्माणाधीन आवासों की नियमित निगरानी करते हुए उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में बताया गया कि पक्का मकान मिलने से ग्रामीण परिवारों को केवल रहने के लिए सुरक्षित स्थान ही नहीं मिलता, बल्कि इससे उनके जीवन में स्थायित्व और सामाजिक सम्मान भी बढ़ता है। आवास योजनाओं का उद्देश्य ऐसे पात्र ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित एवं पक्का आवास उपलब्ध कराना है, जिनके पास स्वयं का पक्का घर नहीं है।
पीएम आवास के सबसे अधिक 4,967 मकान

जिले में आयोजित सामूहिक गृह प्रवेश कार्यक्रम में कुल 5,596 आवास शामिल रहे। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 4,967, पीएम जनमन योजना के 398 तथा मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 231 आवास शामिल हैं।
विकासखंडवार आंकड़ों के अनुसार अंबिकापुर में 1,235, बतौली में 737, लखनपुर में 1,033, लुंड्रा में 685, मैनपाट में 577, सीतापुर में 626 और उदयपुर में 703 आवासों में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया।
लखनपुर में 1,033 आवासों में गृह प्रवेश हुआ, जिनमें पीएम आवास योजना के 978, पीएम जनमन योजना के 11 और मुख्यमंत्री आवास योजना के 44 मकान शामिल हैं। वहीं अंबिकापुर में 1,170 पीएम आवास, 41 पीएम जनमन और 24 मुख्यमंत्री आवास समेत कुल 1,235 मकान इस कार्यक्रम का हिस्सा बने।
बतौली में कुल 737, लुंड्रा में 685, मैनपाट में 577, सीतापुर में 626 और उदयपुर में 703 परिवारों को नए आवास का लाभ मिला। अलग-अलग योजनाओं के तहत बने इन घरों में गृह प्रवेश के साथ जिले के हजारों परिवारों के लिए लंबे समय से देखा जा रहा पक्के घर का सपना पूरा हुआ।
गृह प्रवेश के इन कार्यक्रमों ने ग्रामीण अंचलों में उत्सव का माहौल बना दिया। नए घर की चाबी हाथ में मिलने के साथ हितग्राही परिवारों ने इसे अपने जीवन में नई शुरुआत का अवसर बताया।

