राजपुर / बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना सेवारी के पास मुख्य मार्ग पर करीब रात 2 बजे हुई, जहां मजदूरों से भरी पिकअप की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।

जानकारी के मुताबिक पिकअप में कुल 10 मजदूर सवार थे। सभी सूरजपुर जिले के नरोला गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं और टमाटर की खेती में काम करने के लिए शंकरगढ़ की ओर जा रहे थे। सेवारी के पास पहुंचने के दौरान पिकअप और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की खबर मिलते ही राजपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पिकअप में फंसे घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सातों घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है।

पुलिस ने मृतकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। देर रात हुई इस दुर्घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। तीन मजदूरों की मौत की खबर से नरोला गांव में भी मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *