बलरामपुर-रामानुजगंज, 26 अगस्त 2026। राजपुर विकासखंड के ग्राम कर्रा में आयोजित श्री महारुद्र यज्ञ एवं शिव पुराण कथा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। उन्होंने प्राचीन बाबा कर्मेश्वर धाम में भगवान शिव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक कर प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने ग्राम कर्रा में मंगल भवन निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सरकार प्राथमिकता के साथ आवश्यक कार्यों को आगे बढ़ा रही है। धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास के साथ श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं से भी है। राज्य सरकार प्रदेश के प्रमुख शक्तिपीठों को धार्मिक कॉरिडोर के रूप में जोड़ने की दिशा में काम कर रही है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ेंगे।

उन्होंने सरकार की धार्मिक योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि श्री रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक करीब 50 हजार श्रद्धालु अयोध्या पहुंचकर प्रभु श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। वहीं तीर्थ दर्शन योजना के तहत देश के 19 प्रमुख तीर्थ स्थलों को शामिल किया गया है और करीब 10 हजार श्रद्धालु इसका लाभ ले चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का भगवान श्रीराम से गहरा संबंध है। सरकार धार्मिक आस्था से जुड़े स्थलों के संरक्षण और विकास के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देने का प्रयास कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत अपनी माता श्रीमती जसमनी देवी साय के नाम पर रुद्राक्ष का पौधा लगाया। संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने भी मंदिर परिसर में बेल का पौधा रोपा। मुख्यमंत्री ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण करने की अपील की।

ग्राम कर्रा का बाबा कर्मेश्वर धाम लंबे समय से क्षेत्र की धार्मिक आस्था का केंद्र माना जाता है। स्थानीय मान्यता के अनुसार यहां शिवलिंग प्राकृतिक रूप से प्रकट हुआ था। मंदिर से जुड़ी कई लोक मान्यताएं आज भी ग्रामीणों की आस्था का हिस्सा हैं। वर्तमान में मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य भी कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में विकास कार्यों को गति देने की बात कही। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, पत्थलगांव विधायक गोमती साय, आईजी दीपक झा, सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *