बोलेरो की टक्कर से गंभीर घायल हुए जवान ने अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान तोड़ा दम

अंबिकापुर। जशपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में CRPF के जवान की जान चली गई। मणिपुर के इम्फाल में तैनात 45 वर्षीय जवान फ्रेडिक एक्का छुट्टी पर घर आया था और अपनी मां से मिलने पैतृक गांव जा रहा था। रास्ते में बोलेरो की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

ग्राम सोनक्यारी घसमा निवासी फ्रेडिक एक्का करीब एक महीने की छुट्टी लेकर मनोरा आया था। छुट्टी खत्म होने से पहले वह रविवार सुबह स्कूटी से अपनी मां से मिलने सोनक्यारी के लिए रवाना हुआ। ग्राम टेंपो के पास पहुंचने पर तेज रफ्तार बोलेरो ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद जवान सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद बोलेरो चालक ने घायल जवान को मनोरा अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।

परिजन उसे एंबुलेंस से अंबिकापुर लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान शाम करीब 6:15 बजे उसने दम तोड़ दिया। जवान की मौत की खबर से पत्नी और मां सहित पूरा परिवार सदमे में है।

फ्रेडिक एक्का CRPF की 133वीं बटालियन में पदस्थ था और उसकी ड्यूटी इम्फाल में थी। अस्पताल पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *