रेत, मिट्टी और गिट्टी के अवैध परिवहन के मामलों में 4 ट्रैक्टर और एक हाईवा पकड़ा
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में अवैध खनन और खनिजों के गैरकानूनी परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। सीएम हेल्पलाइन में मिली शिकायतों के आधार पर विभागीय टीम ने अलग-अलग स्थानों पर जांच करते हुए 4 ट्रैक्टर और एक हाईवा वाहन जब्त किया है।
खनिज विभाग के मुताबिक सिवनी क्षेत्र से रेत के अवैध परिवहन के मामले में दो ट्रैक्टर पकड़े गए। वहीं मजगवां में एक ट्रैक्टर को रेत परिवहन करते हुए जब्त किया गया। पड़वनिया में ईंट बनाने के लिए मिट्टी के अवैध परिवहन के मामले में एक ट्रैक्टर तथा पकरिया में गिट्टी के अवैध परिवहन में इस्तेमाल हो रहे एक हाईवा को जब्त किया गया।
कार्रवाई के बाद दो ट्रैक्टरों को सिवनी चौकी और अन्य दो ट्रैक्टरों सहित हाईवा वाहन को अमरपुर पुलिस लाइन में सुरक्षित रखा गया है। विभाग ने बताया कि जब्त वाहनों के मालिकों के खिलाफ खनिज नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शिकायतों के निराकरण पर प्रशासन की नजर

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की गंभीरता से जांच कर उनका समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत खनिज विभाग द्वारा शिकायतों पर मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही है।
