चारों तहसीलों में प्रत्येक सोमवार हो रहा जनदर्शन, राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर जोर

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर जिले के चारों तहसील कार्यालयों में प्रत्येक सोमवार को तहसील स्तरीय जनदर्शन आयोजित किया जा रहा है। आम नागरिकों की राजस्व संबंधी समस्याओं और प्रकरणों के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से आयोजित जनदर्शन में सोमवार को कुल 26 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 8 का मौके पर ही निराकरण किया गया।

पेंड्रारोड में 6 में से 5 आवेदन निराकृत

तहसील पेंड्रारोड में आयोजित जनदर्शन में कुल 6 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 5 का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। पात्र आवेदकों को किसान किताब का वितरण किया गया। वहीं त्रुटि सुधार से संबंधित प्रकरणों में ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से तत्काल आवश्यक आदेश भी पारित किए गए।

पेंड्रा में 8 आवेदन प्राप्त

तहसील कार्यालय पेंड्रा में आयोजित जनदर्शन में 8 आवेदन मिले। इनमें से 3 का निराकरण किया गया, जबकि 4 प्रकरण न्यायालय में लंबित पाए गए, जिनके शीघ्र निराकरण की कार्रवाई की जा रही है। एक नए प्रकरण को न्यायालय में दर्ज किया गया।

सकोला में मिले 4 आवेदन

तहसील कार्यालय सकोला में 4 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें एक फौती नामांतरण, एक नकल और दो त्रुटि सुधार से संबंधित आवेदन शामिल रहे। सभी आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

मरवाही में जाति प्रमाण पत्र और किसान किताब वितरित

तहसील कार्यालय मरवाही में आयोजित जनदर्शन में 8 आवेदन प्राप्त हुए। इस दौरान पात्र आवेदकों को जाति प्रमाण पत्र और किसान किताब का वितरण किया गया।

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों और राजस्व प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें समय पर राहत मिले, यह प्रशासन की प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *