टीएस सिंहदेव ने दिलाई कांग्रेस की सदस्यता, राजीव भवन में गाजे-बाजे के साथ हुआ नवागतों का स्वागत

अम्बिकापुर। आम आदमी पार्टी को सरगुजा में बड़ा झटका लगा है। आप के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में सरगुजा इकाई से जुड़े करीब 120 कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव ने नवागत सदस्यों को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई और पार्टी की पट्टिका पहनाकर उनका स्वागत किया।

कांग्रेस में शामिल होने वालों में आम आदमी पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री अलेक्जेंडर केरकेट्टा, सरगुजा जिलाध्यक्ष सीताराम मानिकपुरी, जोन सह प्रभारी नूर हसन अली सहित जिला संगठन से जुड़े पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। इसके अलावा कोरबा लोकसभा के प्रभारी अध्यक्ष विजय नायक ने भी टीएस सिंहदेव के हाथों कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

कांग्रेस में शामिल होने वाले कार्यकर्ता शैला नृत्य और गाजे-बाजे के साथ रैली के रूप में राजीव भवन पहुंचे। यहां कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। इसके बाद राजीव भवन के सभाकक्ष में सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

मौजूदा परिस्थितियों में साथ आना जरूरी : सिंहदेव

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि देश और प्रदेश की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए समान विचार रखने वाले साथियों के बीच एक साथ आने को लेकर सहमति बनी है। उन्होंने कांग्रेस में शामिल हुए सभी कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में नहीं है, ऐसे समय में पार्टी के साथ जुड़ना उनके निःस्वार्थ भाव और मौजूदा परिस्थितियों से संघर्ष करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

राजेंद्र बहादुर सिंह बोले- भाजपा के खिलाफ बिखरकर मुकाबला संभव नहीं

नवागत नेता राजेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से आम आदमी पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने का निर्णय लिया था। हालांकि, पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनसे कहा कि अलग-अलग हिस्सों में बंटकर भाजपा का मुकाबला नहीं किया जा सकता। इसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और टीएस सिंहदेव के नेतृत्व में विश्वास जताते हुए कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी पुरानी पार्टी से कोई शिकायत नहीं है, लेकिन मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों से बाहर निकलने के लिए समान विचारधारा वाले लोगों और कार्यकर्ताओं का एकजुट होना जरूरी है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने जताई मजबूती की उम्मीद

कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने नवागत सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि राजेंद्र बहादुर सिंह जैसे जुझारू नेतृत्वकर्ता के कांग्रेस में आने से संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी से कांग्रेस में शामिल हुए सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी अब बूथ स्तर से लेकर जिला संगठन तक कांग्रेस को मजबूत करने की होगी।

कार्यक्रम को 20 सूत्रीय कार्यक्रम के पूर्व उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, निगम नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता, अलेक्जेंडर केरकेट्टा और नूर हसन अली ने भी संबोधित किया।

इस दौरान हेमंत सिन्हा, विनय शर्मा, मो. इस्लाम, प्रशांत सिंह, इंद्रजीत सिंह धंजल, विनीत विशाल जायसवाल, लोकेश कुमार, मो. जमील खान, संजय सिंह, विकास शर्मा सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *