19 सितंबर को होटल ग्रांड बसंत और ऑक्सीजन पार्क में गणेश आरती कार्यक्रम में शामिल होंगे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

अंबिकापुर, 16 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के 19 सितंबर को प्रस्तावित अंबिकापुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कलेक्टर अजीत वसंत ने बुधवार को प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा सहित सभी आवश्यक इंतजाम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होटल ग्रांड बसंत और ऑक्सीजन पार्क में आयोजित भगवान गणेश की आरती कार्यक्रम में शामिल होंगे। कलेक्टर ने दोनों स्थानों पर पहुंचकर आयोजन की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, आवश्यक सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुनील नायक, नगर निगम आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल सहित आयोजन समिति के सदस्य और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

भफौली स्वास्थ्य केंद्र का किया औचक निरीक्षण

कार्यक्रम स्थलों के निरीक्षण के बाद कलेक्टर अजीत वसंत ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भफौली का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को मिल रही सुविधाओं के साथ ओपीडी, आईपीडी, लैब जांच, टीकाकरण और उपलब्ध मानव संसाधन की जानकारी ली।

स्वास्थ्य केंद्र में सीपेज की समस्या सामने आने पर कलेक्टर ने डीएमएफ के माध्यम से शेड निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन के लिए आवश्यक भूमि का सीमांकन कराने को कहा। सड़क से जुड़ी समस्या के निराकरण के लिए राजस्व विभाग से समन्वय करने के निर्देश भी दिए गए।

24 घंटे प्रसव सुविधा पर जोर

कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव सेवाओं की जानकारी लेते हुए 24 घंटे प्रसव सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत निर्धारित दिवसों में आवश्यक जांच के लिए लाने तथा सभी गर्भवती महिलाओं का सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उन्होंने गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण और प्रसव से संबंधित जानकारी यू-विन पोर्टल पर शत-प्रतिशत दर्ज करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठकों में यू-विन पोर्टल की सेक्टरवार प्रगति की जानकारी प्रस्तुत करने को भी कहा गया।

एंटी स्नेक वेनम समेत जरूरी दवाओं की उपलब्धता के निर्देश

कलेक्टर ने आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं और दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। सर्पदंश के मामलों में तत्काल उपचार के लिए एंटी स्नेक वेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान एचएलएल के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही लैब जांच सुविधाओं की भी जानकारी ली गई। कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी को जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, सीएमएचओ डॉ. पी.एस. मार्को, डीपीएम डॉ. पुष्पेंद्र राम, बीएमओ डॉ. राहुल कुशवाहा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *