अंबिकापुर, 7 अगस्त। राज्य शासन के निर्देशानुसार सरगुजा जिले की सभी 439 ग्राम पंचायतों में शुक्रवार को ‘चावल महोत्सव’, ‘रोजगार दिवस’ और ‘आवास दिवस’ का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), विकसित भारत जी-राम-जी योजना और अन्य ग्रामीण विकास योजनाओं से जुड़े लंबित मामलों के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाया गया।

कार्यक्रम में ग्रामीणों को विकसित भारत जी-राम-जी योजना के उद्देश्यों, प्रगति और पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी गई। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सहित विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों की समस्याओं का मौके पर समाधान कर पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

पीएम आवास निर्माण में तेजी लाने पर जोर

आवास दिवस के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत सभी आवासों का निर्माण शीघ्र पूरा कराने की रणनीति पर चर्चा की गई। हितग्राहियों को समय पर किस्तों का भुगतान, राशि हस्तांतरण की जानकारी देने तथा निर्माण में आ रही समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए गए। साथ ही लंबित जियो-टैगिंग कार्य जल्द पूरा करने और निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया।

स्व-सहायता समूहों को मिलेगा रोजगार

बैठक में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माण सामग्री की आपूर्ति, निर्माण कार्य और अन्य आजीविका गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने पर बल दिया गया। प्रत्येक आवास में रेन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने और जल संरक्षण के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने का भी निर्णय लिया गया।

रोजगार दिवस पर नए कार्यों की योजना

रोजगार दिवस के दौरान विकसित भारत जी-राम-जी योजना के तहत चल रहे कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत में मांग के आधार पर नए कार्य शुरू करने पर चर्चा हुई। ग्रामीणों को बताया गया कि योजना के तहत लंबित मजदूरी का भुगतान बैंक खातों में किया जा रहा है और भुगतान प्रक्रिया को और सरल बनाया जा रहा है।

दिसंबर तक पूरे होंगे प्राथमिकता वाले कार्य

ग्राम सभाओं से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर बालिका शौचालय, मुक्तिधाम और डिफंक्ट बोरवेल के पुनर्जीवन जैसे प्राथमिकता वाले कार्यों को स्वीकृत कर दिसंबर 2026 तक पूरा करने की कार्ययोजना बनाई गई। अधिकारियों ने ग्राम पंचायतों को इन कार्यों के समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

जल संरक्षण और मत्स्य पालन पर भी फोकस

मेरी बेटी, मेरा अभिमान अभियान‘ के तहत सभी मांग वाले शासकीय विद्यालयों में बालिका शौचालय निर्माण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। इसके अलावा आजीविका डबरी और नवा तरिया का उपयोग बढ़ाने, महिलाओं को मत्स्य पालन आधारित आजीविका से जोड़ने तथा ‘धार अपार अभियान‘ के तहत जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।

प्रशासन ने सभी ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस विशेष अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी देने, समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा रोजगार, आवास, जल संरक्षण और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को गति देने का प्रयास किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *