सरगुजा। धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सपड़ा में सामने आए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में मृतक दंपति के बेटे जदू यादव (36) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अपने पिता हीराधर यादव और मां गुलाबी यादव की हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई टांगी और घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को सपड़ा गांव में हीराधर यादव और उनकी पत्नी गुलाबी यादव के शव उनके पुराने घर के एक कमरे में प्लास्टिक के बोरे में रस्सी से बंधे मिले थे। सूचना के बाद धौरपुर पुलिस, एसडीओपी सीतापुर और सीन ऑफ क्राइम यूनिट की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस की जांच मृतकों के बेटे जदू यादव की ओर बढ़ी, जो घटना के बाद से फरार था।

मृतकों के पुत्र मोहन यादव की रिपोर्ट पर धौरपुर थाने में अपराध क्रमांक 52/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 238 के तहत विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी और एसडीओपी सीतापुर तुल सिंह पट्टावी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश तेज की। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक जदू यादव ने पारिवारिक विवाद के दौरान अपने माता-पिता पर टांगी से हमला करने की बात स्वीकार की। आरोप है कि हत्या के बाद उसने दोनों शवों को प्लास्टिक के बोरे में रखा और रस्सी से बांधकर कमरे में छोड़ दिया तथा मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर टांगी और उसके कपड़े जब्त कर लिए। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

कार्रवाई में धौरपुर थाना पुलिस के साथ साइबर सेल की टीम की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *