अम्बिकापुर । जिले में मलेरिया की रोकथाम और नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर श्री अजीत वसंत के मार्गदर्शन में मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य टीमों द्वारा जांच, उपचार और जनजागरूकता का कार्य लगातार किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशन में जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. दीपक गुप्ता और जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. पुष्पेंद्र राम के नेतृत्व में विकासखंड उदयपुर के मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। गुरुवार को जिला एवं विकासखंड स्तरीय स्वास्थ्य दल ने ग्राम खर्रानगर, मतरिंगा, मूसरडाड़ और मोकना पहाड़ में शिविर लगाकर तथा आवश्यकता अनुसार घर-घर पहुंचकर कुल 75 लोगों की मलेरिया जांच की। राहत की बात यह रही कि जांच में एक भी व्यक्ति मलेरिया संक्रमित नहीं मिला।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को मलेरिया और अन्य वेक्टर जनित बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी। लोगों से नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करने, घर के आसपास पानी जमा नहीं होने देने, फुल आस्तीन के कपड़े पहनने और शाम के समय नीम की पत्तियों का धुआं करने की अपील की गई। किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तत्काल मितानिन या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी गई।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार विकासखंड उदयपुर के सेक्टर केदमा के सीमावर्ती क्षेत्र, जहां कोरबा और रायगढ़ जिले से भी मलेरिया के मामले सामने आ रहे हैं, वहां विशेष सतर्कता बरती जा रही है। विभाग द्वारा मलेरिया के साथ-साथ डेंगू सहित अन्य वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए भी लगातार निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखते हुए समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि मलेरिया के संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
