उदारी के बैरापारा में सड़क निर्माण की मांग तेज, बारिश में आवागमन ठप होने का आरोप

सरगुजा। लुण्ड्रा विकासखंड के ग्राम पंचायत उदारी के बैरापारा स्थित अटल चौक के पास जर्जर और कीचड़युक्त सड़क से परेशान ग्रामीणों ने गुरुवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। सड़क पर धान का रोपा लगाकर ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान समस्या की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया। इस विरोध प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। उनका आरोप है कि सरपंच, सचिव तथा अन्य जनप्रतिनिधियों को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, बावजूद इसके सड़क का निर्माण नहीं कराया गया।

ग्रामीणों के अनुसार बारिश के मौसम में सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। खराब सड़क के कारण गांव तक एम्बुलेंस के पहुंचने में दिक्कत होती है और स्कूली बच्चों को भी रोजाना आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि क्षेत्रीय विधायक प्रबोध मिंज को भी सड़क की बदहाल स्थिति से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका। इसी से नाराज होकर ग्रामीणों ने सड़क पर धान का रोपा लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए, ताकि गांव के लोगों को आवागमन की मूलभूत सुविधा मिल सके और बरसात के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके। वहीं, सड़क पर धान रोपकर किए गए इस अनोखे विरोध की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *