ऑपरेटर के पद छोड़ने से प्रभावित हुआ काम, भर्ती सेवाएं भी बाधित होने का आरोप!

लखनपुर (सरगुजा)। लखनपुर विकासखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुमगराकला में पिछले एक महीने से आयुष्मान भारत योजना का संचालन बंद होने से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के ग्रामीणों का आरोप है कि आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है और इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है।

आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र एपीएल एवं बीपीएल परिवारों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाता है। लेकिन गुमगराकला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जुलाई माह से आयुष्मान सेवा ठप होने के कारण मरीज इस सुविधा से वंचित हैं।

प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि अस्पताल में आयुष्मान योजना का संचालन करने वाला ऑपरेटर निजी कारणों से जुलाई माह में नौकरी छोड़ चुका है। इसके चलते योजना का कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में खंड चिकित्सा अधिकारी को लिखित सूचना भेजी जा चुकी है।

उन्होंने यह भी बताया कि अस्थायी व्यवस्था के तहत एक पीएडीए (PADA) कर्मचारी को मौखिक रूप से अतिरिक्त प्रभार दिया गया था, लेकिन तकनीकी अनुभव के अभाव में वह आयुष्मान से संबंधित कार्य नहीं कर पा रहा है।

अस्पताल में प्रतिदिन आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। वर्तमान में केवल ओपीडी सेवाएं संचालित की जा रही हैं, जबकि आयुष्मान योजना के माध्यम से भर्ती कर इलाज की सुविधा प्रभावित होने की बात सामने आई है। प्रसव सहित अन्य सामान्य एवं जटिल बीमारियों के मरीजों को भी योजना का लाभ नहीं मिल पाने से उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है।

क्षेत्रवासियों ने शासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शीघ्र स्थायी आयुष्मान ऑपरेटर की नियुक्ति कर योजना का संचालन पुनः शुरू कराया जाए, ताकि पात्र मरीजों को सरकार की इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य योजना का लाभ समय पर मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *