लखनपुर थाना क्षेत्र के टपरकेला का मामला, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा

लखनपुर। लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम टपरकेला में खेत पर काम करने गए एक 40 वर्षीय ग्रामीण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम केवरा गांधी चौक नवापारा निवासी महेश्वर सिंह (40 वर्ष), पिता चमरू राम बुधवार, 5 अगस्त को ग्राम टपरकेला स्थित अपने खेत में काम करने गए थे। इसी दौरान टपरकेला निवासी सुरेश ने विष्णु सिंह को फोन कर बताया कि महेश्वर सिंह खेत में गिरे पड़े हैं।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां महेश्वर सिंह खेत में मुंह के बल पड़े मिले। उन्हें तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना परिजनों ने लखनपुर थाना में दी। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।

लखनपुर पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि ग्रामीण की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *