अम्बिकापुर, 21 अगस्त 2026। सरगुजा संभाग में ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की प्रगति को लेकर संभागायुक्त नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने शुक्रवार को समीक्षा बैठक ली। संभागायुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में विकसित भारत-जी राम जी और प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण समेत विभिन्न योजनाओं की जिलेवार प्रगति, लंबित प्रकरणों और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में छत्तीसगढ़ शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अपर सचिव एवं विकसित भारत-जी राम जी के अपर आयुक्त एस. आलोक ने भी योजनाओं की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने जिलों को आवंटित लक्ष्यों और प्रगति के बीच की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
लक्ष्य के अनुरूप काम पूरा करने पर जोर
संभागायुक्त नरेन्द्र दुग्गा ने जिला और जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरगुजा संभाग अनुसूचित जनजाति बहुल क्षेत्र है और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। योजनाओं की नियमित समीक्षा करने और मैदानी स्तर पर काम की निगरानी बढ़ाने के निर्देश देते हुए उन्होंने लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की बात कही।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को अपने-अपने जिलों में जनपद पंचायतों और विभागीय अमले की नियमित समीक्षा करने के लिए भी कहा गया।
रोजगार और जल संरक्षण के कार्यों की समीक्षा

बैठक में विकसित भारत-जी राम जी के तहत जुलाई और अगस्त माह में सृजित मानव दिवस तथा पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में रोजगार सृजन की स्थिति पर चर्चा हुई। संभागायुक्त ने मानव दिवस सृजन में अपेक्षित सुधार लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी विद्यालयों में शौचालय, मुक्तिधाम में प्रतीक्षालय एवं शेड निर्माण जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा। इसके साथ ही जल संरक्षण और जल संचयन से जुड़े कार्यों को तेजी से कराने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को वर्षा जल संरक्षण, भूजल स्तर बढ़ाने और पानी की बर्बादी रोकने से संबंधित कार्य समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
ग्राम पंचायतों में स्वीकृत कार्यों को जल्द शुरू कर निर्धारित समय में पूरा करने की भी बात कही गई।
अधूरे आवास जल्द पूरे करने के निर्देश
अपर आयुक्त एस. आलोक ने विकसित भारत-जी राम जी के तहत अधूरे आवासों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में युक्तधारा में प्रस्तावित कार्यों, बोरवेल रिचार्ज, मनरेगा के लंबित कार्यों और अन्य निर्माण गतिविधियों की स्थिति की जानकारी ली गई।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राहियों को निर्धारित 90 मानव दिवस रोजगार उपलब्ध कराने की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा सिक्योर पोर्टल पर कार्यों की स्वीकृति, ग्राम पंचायतवार स्वीकृत कार्यों, एसएनए-स्पर्श के माध्यम से भुगतान तथा पौधरोपण की स्थिति पर चर्चा हुई।
एनएमएमएस के माध्यम से श्रमिकों की उपस्थिति, लंबित ई-केवाईसी और शून्य प्रविष्टि वाले मस्टर रोल जैसे विषयों की भी समीक्षा की गई।

पीएम आवास योजना में लंबित मामलों पर फोकस
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के साथ मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, विशेष परियोजना और पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत एवं पूर्ण आवासों की जिलेवार स्थिति देखी गई।
संभागायुक्त ने शेष आवासों की स्वीकृति संबंधी कार्रवाई सात दिनों के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए। अपूर्ण आवासों को भी जल्द पूरा कराने तथा प्रथम किस्त के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने को कहा गया।
बैठक में आवास सॉफ्ट से अपात्र किए गए हितग्राहियों, जॉब कार्ड तथा विभिन्न योजनाओं के अभिसरण की स्थिति की भी समीक्षा हुई। ए, बी और सी श्रेणी के प्रकरणों को चिन्हित कर उनके निराकरण की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए।
प्रशिक्षण और योजनाओं का लाभ समय पर देने पर जोर
आर-सेटी और आरएमटी के तहत हितग्राहियों को दिए जा रहे प्रशिक्षण की स्थिति और लंबित प्रकरणों की भी जानकारी ली गई। अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों तक प्रशिक्षण और संबंधित योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में संभागायुक्त ने कहा कि ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं का प्रभाव जमीन पर दिखाई देना चाहिए। इसके लिए विभागों के बीच समन्वय, नियमित मॉनिटरिंग और समयबद्ध कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों की सराहना करते हुए अपेक्षित प्रगति नहीं करने वाले जिलों को प्रदर्शन सुधारने के निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त आर.के. खूंटे, सरगुजा जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोमा श्रीवास्तव, जशपुर सीईओ अभिषेक कुमार, बलरामपुर सीईओ आशुतोष चतुर्वेदी, एमसीबी सीईओ अंकिता सोम, कोरिया सीईओ योगेंद्र श्रीवास सहित सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उपस्थित रहे।

