अंबिकापुर, 22 अगस्त 2026। श्रावण मास के अवसर पर रामगढ़ से कैलाश गुफा की ओर निकली कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह और भक्तिभाव देखने को मिल रहा है। यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कांवड़ यात्रियों से मुलाकात कर उनका आत्मीय स्वागत किया।

मंत्री अग्रवाल ने श्रद्धालुओं से यात्रा की जानकारी ली और सभी को सुखद, सुरक्षित एवं सफल यात्रा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भगवान शिव के प्रति आस्था, भक्ति, तपस्या और समर्पण की अभिव्यक्ति है।

उन्होंने कहा कि लंबी दूरी और कठिन परिस्थितियों के बावजूद श्रद्धालु जिस उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ यात्रा कर रहे हैं, वह उनकी अटूट आस्था को दर्शाता है। धार्मिक यात्राएं समाज में सेवा, सद्भाव, भाईचारे और एकजुटता की भावना को मजबूत करती हैं।

यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर कांवड़ यात्रियों के स्वागत और सेवा के लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इस दौरान मंत्री ने श्रद्धालुओं से यात्रा में अनुशासन बनाए रखने, स्वच्छता का ध्यान रखने और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील भी की।

रामगढ़ से कैलाश गुफा की ओर बढ़ रहे कांवड़ यात्रियों के बीच ‘हर हर महादेव’ के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना हुआ है। श्रद्धालुओं ने स्वागत और शुभकामनाओं के लिए मंत्री राजेश अग्रवाल के प्रति आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *