111वीं बार रक्तदान कर समाजसेवी अजय तिवारी ने पेश की मिसाल

अंबिकापुर। ब्रह्माकुमारीज संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्यतिथि विश्व बंधुत्व दिवस के अवसर पर अंबिकापुर के नव विश्व भवन, चोपड़ापारा में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। भारत और नेपाल में 21 से 25 अगस्त तक आयोजित रक्तदान अभियान के तहत हुए इस शिविर में 80 लोगों ने पंजीयन कराया, जबकि 60 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

शिविर का शुभारंभ नगर पालिक निगम अंबिकापुर की महापौर मंजूषा भगत, जिला क्षय रोग अधिकारी एवं नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. शैलेंद्र गुप्ता, वरिष्ठ समाजसेवी अजय तिवारी, नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान के संयोजक मंगल पाण्डेय, छत्तीसगढ़ प्रचार एवं विकास संस्थान के मुख्य कार्यकारी अनिल कुमार मिश्रा तथा ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्र की संचालिका राजयोगिनी विद्या दीदी ने दीप प्रज्वलित कर किया।

रक्तदान को बताया जीवन बचाने का माध्यम

मुख्य अतिथि महापौर मंजूषा भगत ने दादी प्रकाशमणि जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि कई बार गंभीर परिस्थितियों में रक्त की कमी के कारण लोगों की जान चली जाती है। ऐसे में रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने रक्तदान शिविर के आयोजन के लिए ब्रह्माकुमारीज संस्थान की सराहना की और लोगों से ऐसे सामाजिक अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्र की संचालिका विद्या दीदी ने कहा कि दादी प्रकाशमणि जी का जीवन विश्व कल्याण और सर्व सेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि दादी जी की शिक्षा थी कि सभी को प्रेम दें और सभी की दुआएं लें। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए रक्तदान शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि संस्थान के इस महाअभियान के तहत देशभर में एक लाख यूनिट रक्त एकत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है।

63 वर्षीय अजय तिवारी ने 111वीं बार किया रक्तदान

शिविर का सबसे प्रेरणादायक पहलू वरिष्ठ समाजसेवी 63 वर्षीय अजय तिवारी का 111वीं बार रक्तदान करना रहा। तिवारी इससे पहले 110 बार रक्तदान कर चुके हैं। उन्होंने इस बार भी रक्तदान कर लोगों के सामने उदाहरण प्रस्तुत किया।

आयोजकों ने बताया कि बड़ी संख्या में 50 वर्ष से अधिक आयु के लोगों ने भी रक्तदान किया। उनका कहना था कि इससे रक्तदान को लेकर समाज में मौजूद कई भ्रांतियों को दूर करने और लोगों को नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित करने का संदेश मिलता है।

डॉक्टरों ने बताए रक्तदान के फायदे

शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय की डॉ. रोशनी ने रक्तदान के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि स्वस्थ व्यक्ति निर्धारित चिकित्सकीय मानकों के अनुसार रक्तदान कर सकता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। एक यूनिट रक्त कई मरीजों के उपचार में उपयोगी हो सकता है।

डॉ. शैलेंद्र गुप्ता ने दादी प्रकाशमणि जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति को जीवन देने में योगदान करना समाज के लिए बेहद संतोष और प्रेरणा का विषय है।

समाज के विभिन्न वर्गों ने लिया हिस्सा

शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विशेष शाखा अमोलक सिंह ढिल्लो, एसडीओपी राकेश बघेल, वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश प्रसाद जायसवाल, पशुधन विकास विभाग के अतिरिक्त उपसंचालक डॉ. सी.के. मिश्रा, सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी उमेश कुशवाहा, वरिष्ठ शिक्षक लल्लू भाई, युवा समाजसेवी अनिल कुमार मिश्रा, मीडिया प्रतिनिधि प्रकाश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारीज भाई-बहनों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने रक्तदान किया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, वरिष्ठ समाजसेविका वंदना दत्ता, एसडीओपी प्रतापपुर महालक्ष्मी कुलदीप, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. अरविंद, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.डी. साहू एवं डॉ. ज्योति साहू ने भी दादी प्रकाशमणि जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया।

रक्तदाताओं को दिए गए प्रमाण पत्र

रक्त संग्रहण का कार्य राजमाता श्रीमती देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय सह अस्पताल की टीम ने किया। टीम में चिकित्सकों के साथ काउंसलर अंजुला मिश्रा, स्टाफ नर्स रीता थॉमस, जिला लैब टेक्नीशियन हरिहर सिंह, लैब टेक्नीशियन संध्या सिंह, ग्लोरिया तिर्की एवं संगीता पैकरा शामिल रहीं।

रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को ब्रह्माकुमारीज की ओर से प्रमाण पत्र एवं ईश्वरीय सौगात प्रदान की गई। वहीं शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय की ओर से भी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

60 यूनिट रक्त संग्रह के साथ संपन्न हुआ यह शिविर दादी प्रकाशमणि जी की स्मृति को मानव सेवा से जोड़ने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *