17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर शाम 7 बजे हर घर में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील

रायपुर, 14 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्यों के माध्यम से इस अभियान को छत्तीसगढ़ में जनभागीदारी का व्यापक उत्सव बनाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के नाम जारी अपील में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित किए हैं। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर देशभर में एक महीने तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है।
सेवा छत्तीसगढ़ की संस्कृति का हिस्सा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सेवा छत्तीसगढ़ की संस्कृति और संस्कारों का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने लोगों से अपने गांव, शहर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता तथा जनसेवा से जुड़े कार्यों में भाग लेने और अन्य लोगों को भी अभियान से जोड़ने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यह अभियान समाज और राष्ट्र के प्रति नागरिकों के दायित्वों को सहभागिता के साथ निभाने का अवसर है।
17 सितंबर की शाम जलाएं ‘आशीर्वाद का दीया’
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर प्रदेशवासियों से विशेष पहल करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर की शाम 7 बजे प्रत्येक परिवार अपने घर में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाए और आसपास के लाभार्थी परिवारों को भी इस पहल से जोड़े।
मुख्यमंत्री के अनुसार यह दीया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन के लिए छत्तीसगढ़वासियों की शुभकामनाओं के साथ सेवा, जनकल्याण और विकसित भारत के सामूहिक संकल्प का प्रतीक बनेगा।
गरीब कल्याण और विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण और विकास से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से बड़ी संख्या में परिवारों को पक्का आवास, स्वच्छ पेयजल, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि विकास की उपलब्धियों का वास्तविक केंद्र आम नागरिकों के पूरे होते सपने, बढ़ता आत्मविश्वास और जीवन में आने वाली खुशहाली है।
गांव और शहरों के विकास से साकार होगा संकल्प
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब गांव विकसित हों, शहर आगे बढ़ें और प्रत्येक परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी क्षमता के अनुसार सेवा कार्यों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे मिलकर ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जनभागीदारी का उत्सव बनाएं और सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों के माध्यम से विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करें।
