पारदर्शिता की दिशा में पहल, विद्यार्थी उपस्थिति रिपोर्ट के जरिए मिलेगी पूरी जानकारी
अम्बिकापुर, 20 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग द्वारा संचालित आश्रम-छात्रावासों में निवासरत छात्र-छात्राओं की जानकारी अब ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध होगी। विभाग ने छात्रावास-आश्रम प्रबंधन प्रणाली पोर्टल https://hmstribal.cg.nic.in पर पंजीकृत विद्यार्थियों की जानकारी सार्वजनिक करने की व्यवस्था की है।
कार्यालय आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास, नवा रायपुर द्वारा पारदर्शिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। अब पोर्टल के होम पेज पर विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न छात्रावास एवं आश्रमों में प्रवेशित छात्र-छात्राओं की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी।
‘विद्यार्थी उपस्थिति रिपोर्ट’ से मिलेगी जानकारी
विद्यार्थियों की जानकारी प्राप्त करने के लिए पोर्टल https://hmstribal.cg.nic.in पर जाकर ‘विद्यार्थी उपस्थिति रिपोर्ट’ मेनू पर क्लिक किया जा सकता है। यहां संबंधित संस्था में प्रवेशित विद्यार्थियों की जानकारी उपलब्ध होगी। इसमें शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त संस्थाओं तथा विशिष्ट संस्थाओं सहित विभिन्न संस्थानों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का विवरण शामिल किया जाएगा।
इसके साथ ही विद्यार्थियों की प्रत्येक माह की उपस्थिति भी पोर्टल पर प्रदर्शित की जाएगी। विभाग के अनुसार संबंधित माह की उपस्थिति को अगले माह की 10 तारीख तक पोर्टल पर अपडेट किया जाएगा। इससे अभिभावकों एवं आम नागरिकों को विद्यार्थियों की उपस्थिति संबंधी जानकारी ऑनलाइन देखने में सुविधा होगी।
उत्कर्ष योजना के विद्यार्थियों की जानकारी भी ऑनलाइन
पोर्टल पर शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति तथा जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (पूर्व में जवाहर उत्कर्ष योजना) के अंतर्गत लाभान्वित छात्र-छात्राओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है। इसके लिए पोर्टल के ‘नया क्या है’ टैब पर क्लिक कर संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
विभाग की इस पहल से छात्रावास-आश्रम व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ने के साथ-साथ विद्यार्थियों के पंजीयन एवं उपस्थिति की जानकारी आम लोगों के लिए आसानी से उपलब्ध हो सकेगी।
