जन-संवाद कार्यक्रम में सौंपा ज्ञापन, क्षेत्र के विकास और मूलभूत सुविधाओं को लेकर रखीं विभिन्न मांगें
कोरिया। हसदेव नदी के पावन उद्गम स्थल मेण्ड्रा में आयोजित धार्मिक एवं जन-संवाद कार्यक्रम के दौरान यूथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष प्रकाश चंद्र साहू ने नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और कोरबा सांसद ज्योत्स्ना महंत से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और जनहित से जुड़ी मांगों से अवगत कराया।
इस दौरान प्रकाश चंद्र साहू ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं, मूलभूत सुविधाओं की जरूरत और विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं, किसानों और आम नागरिकों को हो रही व्यावहारिक कठिनाइयों की जानकारी देते हुए स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों में तेजी लाने तथा आवश्यक सुविधाओं के विस्तार की मांग रखी।
यूथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष ने युवाओं के लिए रोजगार एवं अवसर बढ़ाने, किसानों से जुड़ी समस्याओं के समाधान तथा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने से संबंधित विषयों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई ऐसी समस्याएं हैं, जिनका समयबद्ध निराकरण होने से आम लोगों को राहत मिल सकती है।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत एवं सांसद ज्योत्स्ना महंत ने प्रकाश चंद्र साहू द्वारा रखी गई मांगों और समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने जनहित से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक पहल करने तथा समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक प्रयास किए जाने का आश्वासन दिया।
इस मुलाकात के दौरान क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर आगे भी निरंतर प्रयास करने पर चर्चा हुई। स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने भी क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की उम्मीद जताई।
