वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक्टिविटी एवं वेलफेयर सेंटर बनाने की पहल, कलेक्टर ने दिया सकारात्मक आश्वासन
बैकुंठपुर। कोरिया जिले में वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘सियान सदन’ स्थापित करने की मांग जोर पकड़ने लगी है। भारतीय राज्य पेंशनर महासंघ की जिला शाखा कोरिया के प्रतिनिधिमंडल ने 17 अगस्त को जिला कलेक्टर रोक्तिमा यादव से मुलाकात कर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा। संघ ने जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में अन्य जिलों की तर्ज पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए सियान सदन स्थापित करने की मांग रखी।
दरअसल, महासंघ की हाल ही में हुई बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप सोनी ने जिला मुख्यालय में सियान सदन की आवश्यकता का सुझाव दिया था। इसके बाद संगठन ने इस मांग को शासन-प्रशासन के समक्ष रखने का निर्णय लिया।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए होगा उपयोगी केंद्र
प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर के समक्ष सियान सदन की आवश्यकता और इसके संभावित लाभों को विस्तार से रखा। संघ के सदस्य दीपक राजदान द्वारा तैयार प्रस्ताव का प्रारूप भी कलेक्टर को सौंपा गया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि सियान सदन को वरिष्ठ नागरिकों के लिए सीनियर सिटीजन एक्टिविटी एंड वेलफेयर सेंटर के रूप में विकसित किया जा सकता है।
संघ के मुताबिक ऐसा केंद्र सेवानिवृत्त वरिष्ठ नागरिकों के मानसिक, शारीरिक और सामाजिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। यहां वरिष्ठ नागरिकों को आपसी मेलजोल, गतिविधियों और अनुभव साझा करने के लिए एक सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण मिलेगा।
अकेलेपन से जूझ रहे बुजुर्गों को मिलेगा सहारा
पेंशनर महासंघ का कहना है कि सेवानिवृत्ति के बाद कई वरिष्ठ नागरिक सामाजिक रूप से अलग-थलग पड़ जाते हैं और अकेलेपन की समस्या से जूझते हैं। ऐसे में सियान सदन उनके लिए ऐसा स्थान बन सकता है, जहां वे अपने अनुभव और प्रतिभा का उपयोग करते हुए खुद को समाज के लिए उपयोगी महसूस कर सकें।
संगठन ने उम्मीद जताई कि समाज कल्याण विभाग की ओर से इस प्रस्ताव पर सकारात्मक पहल होने पर जिले के वरिष्ठ नागरिकों को इसका लाभ मिल सकेगा।
कलेक्टर ने जल्द प्रक्रिया शुरू करने का दिया भरोसा
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने सियान सदन की मांग को गंभीरता से सुना और इस दिशा में आवश्यक शासकीय प्रक्रिया अपने स्तर से यथासंभव शीघ्र शुरू करने का आश्वासन दिया।
कलेक्टर की संवेदनशीलता पर प्रतिनिधिमंडल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि यह पहल जल्द ही मूर्त रूप लेगी।
जनप्रतिनिधियों से भी मांगा जाएगा सहयोग
महासंघ ने प्रस्ताव को आगे बढ़ाने के लिए जिले के जनप्रतिनिधियों से भी सहयोग और सैद्धांतिक सहमति लेने का निर्णय लिया है। प्रतिनिधिमंडल जल्द ही विधायक भैयालाल राजवाड़े, छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल तथा प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम से मुलाकात कर इस दिशा में आवश्यक सहयोग का अनुरोध करेगा।
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में प्रेम चंद्र गुप्ता, डॉ. अरविंद नारायण सिंह, दीपक राजदान, घनश्याम जायसवाल, अलविस तिर्की, मिनिजिया एक्का, रामकुमार राजवाड़े और प्रकाश गोस्वामी शामिल रहे।
अब वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनर महासंघ की नजर प्रशासन और शासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है। देखना होगा कि बैकुंठपुर में प्रस्तावित सियान सदन की योजना कब तक धरातल पर उतरती है।
